Jamshedpur

सरायकेला-खरसावां :  बाहरी गृहरक्षक दे रहे हैं सेवा, जिले के चयनित उम्मीदवारों को डेढ़ साल बाद भी नौकरी की आस

Jamahedpur : सरायकेला-खरसावां जिले में बाहरी गृह रक्षक अपनी सेवा दे रहे हैं, जबकि करीब डेढ़ साल पहले गृह रक्षक वाहिनी के लिए चयनित उम्मीदवार अभी नौकरी की आस लगाए बैठे हुए हैं. उनका वर्ष 2019 में ही झारखंड सरकार की ओर से गृह रक्षक वाहिनी के लिए निकाले गए बहाली के बाद चयन हुआ था, लेकिन नियोजन नहीं हुआ है. सारी प्रक्रियाओं को अभ्यर्थियों नें पूरा कर लिया है.

बुनियादी प्रशिक्षण बना है रोड़ा

बुनियादी प्रशिक्षण की प्रक्रिया रुकी हुई है. इसको लेकर सरायकेला के चयनित अभ्यर्थियों ने नियोजन और प्रशिक्षण की मांग को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए जिले के उपायुक्त के माध्यम से झारखंड गृह रक्षा वाहिनी महा समादेष्टा के नाम एक मांग पत्र सौंपा है. इस संबंध में गृह रक्षकों ने बताया कि 1 फरवरी 2019 से लेकर 8 फरवरी 2019 के बीच उन्होंने लिखित परीक्षा के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया गया था. जिसकी मेधा सूची 1 नवंबर 2019 को जारी की गई थी. 2 नवंबर 2020 से लेकर 23 नवंबर 2020 तक सत्यापन और पुलिस वेरिफिकेशन का काम हो चुका है. बावजूद इसके उनका ना तो नियोजन किया गया है और ना ही बुनियादी प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया है.

आयु सीमा की सताने लगी है चिंता

उनकी आयु सीमा बढ़ती जा रही है. झारखंड पुलिस के लिए निकलने वाले बहाली में वे अयोग्य घोषित किए जा सकते हैं. इसके बाद उनके पास दूसरा कोई विकल्प नहीं बचेगा. 16 अगस्त 2021 को चयनित अभ्यर्थियों नें महासमादेष्टा को एक मांगपत्र भी सौंपा था. बावजूद इसके अबतक उनका नियोजन या बुनियादी प्रशिक्षण का कार्य शुरू नहीं हुआ है. उन्होंने चेतावनी दी है कि दशहरा के बाद अगर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो राज्य भर के चयनित गृह रक्षक आंदोलन करने को बाध्य हो जाएंगे.

इसे भी पढ़ें-आदित्यपुर : जयराम यूथ स्पोर्टिंग क्लब ने बनाई है अलग पहचान

Related Articles

Back to top button