
Mumbai: वित्तीय वर्ष 2019-20 का आज पहला दिन है. और नये वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही शेयर बाजार में काफी रौनक देखी गयी. सोमवार को मजबूत ग्लोबल संकेतों के बीच शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 320 अंकों की बढ़त के साथ 38,993.19 के स्तर पर कारोबार करने लगा.
इसकी अहम वजह धातु, वाहन और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में तेजी और वैश्विक संकेतों का सकारात्मक रुख है. बीएसई का 30 कंपनियों का शेयर सूचकांक सेंसेक्स 38,858.88 अंक पर बढ़त के रुख के साथ खुला. जल्द ही यह 38,960.28 अंक पर पहुंच गया. हालांकि बाद में यह 265.54 अंक की बढ़त के साथ 38,938.45 अंक पर चल रहा है.
इसे भी पढ़ेंः छह महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज पीएचइडी के ठेका कर्मियों ने बाधित की जलापूर्ति
इसी तरह एनएसई का 50 कंपनियों का सूचकांक निफ्टी 62.60 अंक की तेजी के साथ 11,686.50 अंक पर चल रहा है.
ब्रोकरों के अनुसार, चीन-अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता के चलते एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख देखा गया. इसके अलावा मार्च में चीन में विनिर्माण गतिविधियां बढ़ी हैं, इसका भी असर घरेलू बाजार पर पड़ा है.
शुक्रवार को सेंसेक्स 127 अंक की तेजी के साथ 38,672.91 अंक और निफ्टी 11,623.90 अंक पर बंद हुआ था.
इसे भी पढ़ेंः पुलवामा मुठभेड़ में लश्कर के चार आतंकवादी ढेर, हथियार भी बरामद




