Business

सेंसेक्स में 300 अंक से अधिक की गिरावट, रुपया 11 पैसे लुढ़का

Mumbai: नकारात्मक वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की निकासी के बीच बैंकिंग, आइटी और वाहन कंपनियों के नुकसान के कारण बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 300 अंकों से अधिक की गिरावट रही.

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 303.70 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,793.44 अंक पर चल रहा था. इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 92.70 अंक यानी 0.80 प्रतिशत गिरकर 11,495.50 अंक पर चल रहा था.

मंगलवार को सेंसेक्स में मामूली 7.11 अंक की तेजी रही थी और यह 39,097.14 अंक पर बंद हुआ था. निफ्टी 12 अंक लुढ़ककर 11,588.20 अंक पर बंद हुआ था.

इसे भी पढ़ें- सुनिये सरकार, लाठी चार्ज पर क्या कह रहे हैं लोग, कैसे कोस रहे हैं, पुलिस वाले भी उठा रहे हैं सवाल

कंपनियों के शेयर में भी रही गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा मोटर्स, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, वेदांता, टाटा स्टील, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी, इंफोसिस, आईटीसी और आइसीआइसीआइ बैंक में तीन प्रतिशत तक की गिरावट रही.

कारोबारियों के अनुसार, वैश्विक बाजारों के नकारात्मक संकेतों का घरेलू बाजारों पर दबाव रहा. एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, हांग कांग का हैंग सेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कोस्पी, कारोबार के दौरान गिरावट में चल रहा था.

मंगलवार को अमेरिका का वाल स्ट्रीट भी गिरकर बंद हुआ था. प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 828.49 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की. हालांकि घरेलू संस्थागत निवेशक 472.81 करोड़ रुपये के शुद्ध खरीदार रहे.

इसे भी पढ़ें- #SwamiChinmayananda पर रेप का आरोप लगाने वाली लॉ की छात्रा गिरफ्तार, 5 करोड़ की उगाही का आरोप

रुपया 11 पैसे लुढ़का

डॉलर की मांग आने से बुधवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 11 पैसे गिरकर 71.12 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया. कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजारों की कमजोर शुरुआत तथा विदेशी निवेशकों की जारी निकासी से रुपये पर दबाव रहा.

मंगलवार को रुपया 71.01 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था. बुधवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 304.71 अंक और निफ्टी 82.05 अंक की गिरावट में चल रहा था.

प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने 828.49 करोड़ रुपये की शुद्ध निकासी की. कारोबारियों ने कहा कि कच्चे तेल में नरमी आने से रुपये को कुछ समर्थन मिला. ब्रेंट क्रूड का वायदा 0.74 प्रतिशत गिरकर 71.95 डॉलर प्रति बैरल पर चल रहा था.

Related Articles

Back to top button