
Jamshedpur : मानगो के आजादनगर थाना अंतर्गत न्यू पुरुलिया रोड के समीप केरला पब्लिक स्कूल के सामने हाजी खलीलुल हक से स्कूटी और मोबाइल की लूट के मामले की पुलिस ने खुलासा किया है. इस मामले में उलीडीह हयातनगर के रहनेवाले मो. रियाज उर्फ रियाज खान समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में हयातनगर के ही शाहिद अली उर्फ काला बाबू, बिरसानगर जोन नंबर-छह के रहनेवाले सूरज लोहार, बारीडीह के विकास सिंह उर्फ विकेश, बिरसानगर के शाहिल जेवियर्स और भुइयांडीह के कुंदन सिंह को भी गिरफ्तार किया है. इसमें विकाश सिंह उर्फ विकेश एवं कुन्दन सिंह की कबाड़ी की दुकान है.
लूट की स्कूटी उन्हीं को बेची गई थी. पुलिस ने छापेमारी कर उनकी कबाड़ी की दुकान से स्कूटी का चेचिस, चक्का, रजिस्ट्रेशन संख्या बरामद किया है. साथ ही आरोपियों में शामिल शाहिल जेवियर्स के पास से लूट की मोबाइल बरामद की गई है. घटना बीते 15 जनवरी की रात करीब साढ़े दस बजे की है. यह जानकारी जिले के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने एक प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि घटना को लेकर आजादनगर थाना में 16 जनवरी को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था. मामले की जांच के दौरान पुलिस के समक्ष रियाज खान समेत अन्य छह लोगों लोगों की संलिप्तता उजागर हुई. उसके बाद पुलिस ने सबों को धर-दबोचा. गिरफ्तार युवकों ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार किया है. पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
चोरी की बाइक भी बरामद, बोड़ाम आर्म्स एक्ट मामले का खुलासा
इधर, पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर उलीडीह थाना क्षेत्र से तेरह जनवरी को चोरी गई हीरो होंडा स्पलेंडर मोटरसाइकिल की बरामदगी में भी सफलता पाई है. वहीं, बोड़ाम थाना काण्ड संख्या- 06/22 दि० 19.01.22 धारा-307/341 ना०वि० एवं 27 आर्म्स एक्ट का भी खुलासा किया है. उसमें पुलिस के हत्थे चढ़े अपराधकर्मी मो० रियाज उर्फ रियाज खान की संलिप्तता उजागर हुई है.
रियाज और शाहिद का है पूर्व आपराधिक इतिहास
पुलिस के हत्थे चढ़े मो. रियाज उर्फ रियाज खान और शाहिद अली उर्फ काला बाबू का पूर्व में आपराधिक इतिहास रहा है. उन पर मानगो के उलीडीह ओपी में आपराधिक मामला दर्ज है.




