
Akshay Kumar Jha
Ranchi: सरयू राय बनाम सीएम रघुवर दास विवाद का डैमेज कंट्रोल करने आये पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल का टास्क अभी पूरा नहीं हुआ है. वो अब भी किसी फाइनल डिसीजन पर नहीं पहुंचे हैं. यह कहना कि मामले का हल ढूंढ़ लिया गया है, कहना गलत होगा. अभी तक न रघुवर दास के खिलाफ की गयी शिकायतों को रामलाल ने गलत बताया है और न ही सरयू राय को यह कहा गया है कि आप जो कर रहे हैं, वो सही है. हालांकि संगठन मंत्री रामलाल ने दोनों पक्षों को अच्छी तरह सुना है. दोनों को समय दिया गया. सरयू राय की शिकायत का निबटारा करने के लिए मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद सीएम आवास में सारा सीन शुरू हुआ. सीएम आवास से निकलते वक्त सरयू राय की जुबान से निकला एक शब्द ‘अधूरा’ मीडिया की खबरों के लिए खुराक बना. लेकिन बात इससे आगे की है.
पहले ली मंत्रियों की राय, फिर सुने रघुवर को
सीएम आवास में मौजूद मंत्रियों से राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल ने सबसे पहले राय जानी. यहां यह बताना जरूरी है कि पार्टी के अधिकारी कितना भी बोल लें कि सीएम आवास पर चुनाव को लेकर चर्चा हुई. लेकिन बात वहां सिर्फ सरयू राय प्रकरण की ही हो रही थी. रघुवर दास और सरयू राय की बात सुनने से पहले रामलाल ने वहां मौजूद मंत्रियों की राय ली. सभी ने रामलाल को अपनी तरीके से फीड बैक दिया. मंत्रियों से फीड बैक लेने के बाद संगठन मंत्री रामलाल ने फिर सीएम रघुवर दास से उनका पक्ष जाना. रघुवर दास से बात करने के बाद पूर्व मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ सीएम आवास पहुंचे सरयू राय से उनकी बात जाननी चाही. लेकिन वहां बात नहीं बनी. मंत्री सरयू राय ने इच्छा जतायी कि वो रामलाल से बीजेपी कार्यालय में बात करना चाहते हैं. रात के करीब 11 बजे सरयू राय बीजेपी कार्यालय पहुंचे और अपनी बात रामलाल के सामने रखी.
रामलाल ने कहा- आपको मीडिया में बात नहीं रखनी चाहिए थी
पुख्ता सूत्रों से मिली पुष्ट जानकारी के मुताबिक रामलाल ने मंत्री सरयू राय की बात सुनने से पहले पार्टी की बात सरयू राय के सामने रखी. उन्होंने सरयू राय से साफ तौर कहा कि उन्हें सारी बात मीडिया में नहीं रखनी चाहिए थी. पार्टी की बात थी तो पार्टी के फोरम पर उन्हें सारी बातों को रखना चाहिए था. इस पर सरयू राय ने अपनी पीड़ा संगठन मंत्री के सामने रखी. उन्होंने कहा कि आखिर वो मीडिया में नहीं जाते तो क्या करते. कहीं से कोई सुनवाई हो ही नहीं रही थी. सरयू राय ने मीडिया में राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा खत लीक हो जाने पर कहा कि इसकी पूरी तरह से जिम्मेदारी मैं लेता हूं. चिट्ठी मैंने लिखी थी, तो मेरे जरिए ही मीडिया तक पहुंची होगी. करीब एक घंटे तक चली बैठक में सरयू राय ने वो सारे लेटर रामलाल के सामने रखे, जो उन्होंने सीएम या दूसरे विभागों को लिखी है. रामलाल ने उनकी सारी बातों को गौर से सुना. हालांकि पूरे समीकरण का नतीजा क्या हुआ. कहना जरा जल्दी होगा. इसलिए कहा जा रहा है कि सरयू राय बनाम सीएम रघुवर दास के मामले में पिक्चर अभी बाकी है.
इसे भी पढ़ें – झारखंड में मुख्यमंत्री जन वन योजना का फ्लॉप शो, 13 जिलों में नहीं लगा एक भी पौधा



