
Patna : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने शुक्रवार को प्रवक्ताओं के पैनल में बदलाव करते हुए आठ प्रवक्ताओं की सूची जारी की. इसमें पार्टी के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह को हटाते हुए उनकी जगह पर पूर्व मंत्री व विधान पार्षद नीरज कुमार को मुख्य प्रवक्ता बना दिया है. संजय सिंह पिछले 12 वर्षों से पार्टी के प्रवक्ता थे. इसके अलावा सूची में अरविंद निषाद को दोबारा जगह मिली है. वो पिछली बार भी प्रवक्ताओं के पैनल में थे. नीरज और अरविंद के अलावा जिन लोगों को पैनल में शामिल किया गया है उनमें विधान परिषद के पूर्व सदस्य डॉ. रणवीर नंदन, प्रो. सुहेली मेहता, डॉ. अजय आलोक, निखिल मंडल, प्रगति मेहता और अभिषेक झा हैं.
इसे भी पढ़ें :UP के पूर्व CM कल्याण सिंह की मौत की खबर अफवाह, पोते ने कहा- बाबूजी अभी स्वस्थ हैं
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह के केंद्र में मंत्री बनने के बाद यह पहला उलटफेर है. इसके साथ ही ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी में कई बड़े बदलाव किये जायेंगे. इस बीच अभी कुछ देर पहले जदयू के दिग्गद नेता व मुंगेर सांसद ललन सिंह ने पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की. बंद कमरे में दोनों दिग्गज नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक गुफ्तगू हुई. इससे सियासी हलचल बढ़ गयी. इसके कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं. केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार के बाद कुशवाहा और ललन सिंह की यह पहली मुलाकात थी. हालांकि बातचीत के बाद कुशवाहा के सरकारी आवास से बाहर निकलने पर ललन सिंह ने मीडिया से कहा कि इस मुलाकात के कोई राजनीतिक मायने नहीं हैं. जदयू में सब कुछ ठीक है.
इसे भी पढ़ें :उपेंद्र कुशवाहा खुद को कर रहे हैं मजबूत, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की तैयारी? कल से करेंगे बिहार यात्रा की शुरुआत




