JharkhandKhas-KhabarLead NewsNEWS

इनके जज्बे को सलामः भाई को खोया, अब दूसरों की जिंदगी बचाने में जुटे पवन और रोहित

गोदाम को कोविड अस्पताल का रूप देने का काम कर रहे हैं

Ranchi:  भाई की मौत के बाद आमतौर पर कोई भी व्यक्ति टूट जाता है. लेकिन दो भाई ऐसे हैं जो इसके विपरीत जिस बीमारी से भाई का निधन हुआ उसके खात्मे में जुट गए हैं. भाई के निधन  के 24 घंटे में बड़े भाई झारखंड प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी पवन कुमार महतो ने पिस्का नगड़ी रांची स्थित 1000 वर्ग फीट का गोदाम कोविड अस्पताल के रुप में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव सोशल मीडिया में फेसबुक के माध्यम से साझा कर दिया. गोदाम में बिजली, शौचालय, बाथरुम, पानी की सुविधा होने की बात कही. इसके बाद छोटे भाई सर्किल इंस्पेक्टर रोहित कुमार महतो भी सहयोग में कुद पड़ा. दोनों भाई मिल कर सगे-संबंधी, सामाजिक सहयोग के बदौलत गोदाम को कोविड अस्पताल का रुप देने में जुट गए.

फिलहाल 10 बेड का अस्पताल चालू करने भर संसाधन जुटा लिए गए हैं. बताया जा रहा है कि पास के आशीर्वाद नर्सिंग होम के डॉ रहमान के नेतृत्व में मरीजों का इलाज जल्द चालू होगा. कोरोना मरीजों को सुई, दवा, बेड, ऑक्सीजन आदि की सुविधा मिलेगी. चालू होते ही गोदाम को 50 बेड की अस्पताल के रुप में अपग्रेड करने की योजना है.

कोरोना के अत्यधिक केस मिलने के कारण लिया निर्णय:

कोरोना संक्रमण के नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. ऊपर से राज्य भर के कोरोना मरीजों का गंभीर स्थिति में रांची पहुंचने का सिलसिला तेज है. रांची शहरी क्षेत्र के ज्यादातर अस्पताल ने इलाज में हाथ खड़े करना शुरु कर दिया है. आवश्यकता से अधिक कोरोना मरीज मिलने के कारण यह लाजिमी भी था. शहरी क्षेत्र के अस्पतालों में और अतिरिक्त बोझ न पड़े. साथ ही नगड़ी ब्लॉक के लोगों का इलाज नगड़ी में हो इस उद्देश्य से गोदाम को कोविड अस्पताल के रुप में चालू करने का निर्णय लिया है.

नहीं चाहता हूं कि कोई अपनों से बिछड़ेः पवन

झारखंड प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी पवन कुमार महतो ने कहा कि कोरोना से खुद का छोटा भाई खो चुका हूं. इस कारण अपनों को खोने का दर्द भलिभांति स्मरण है. नहीं चाहता हूं कि कोरोना के प्रकोप से किसी का भाई, पिता, पति, बेटा अपनों से बिछड़े. इसलिए पिस्का नगड़ी स्थित अपने गोदाम को 50 बेड का कोविड अस्पताल के रुप में चालू करने का निर्णय लिया हूं. इसमें सामाजिक संगठन के लोग सहयोग कर रहे हैं. फिलहाल 10 बेड का कोविड अस्पताल चालू करने का संसाधन जुटा लिया हूं. जल्द ही इसे चालू कर दिया जाएगा. धीरे-धीरे सभी के सहयोग से इसे 50 बेड के रुप में तब्दील करने की योजना है.

सर्किल इंस्पेक्टर भाई भी मदद में जुटाः

दिवंगत श्रम अधीक्षक दिगंबर महतो के छोटे भाई रोहित कुमार महतो गोला थाना में बतौर सर्किल इंस्पेक्टर पदस्थापित हैं. भाई के निधन के बाद से अपनी ड्यूटी के अलावा पिस्का नगड़ी स्थित घर के गोदाम को कोविड अस्पताल के रुप में शुरू करने के लिए प्रयास में जुटे हैं. इस बाबत रोहित कुमार महतो ने बताया कि सामाजिक सहयोग कोविड अस्पताल एक सप्ताह के अंदर चालू करने का प्रयास है. इसके लिए व्यक्तिगत सहयोग के अलावा अपने सगे-संबंधियों और मित्रों से संसाधन जुटा रहा हूं.

तीन दिन पूर्व भाई का कोरोना से हुआ निधनः

तीन दिनों पूर्व गुरुवार को भाई रामगढ़ जिला श्रम अधीक्षक दिगंबर महतो का कोरोना से निधन हुआ. उन्हें कोरोना संक्रमित होने के बाद सीसीएल केंद्रीय अस्पताल नईसराय में भर्ती कराया गया था. जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी. उनके आकस्मिक निधन से पूरा प्रशासनिक महकमा स्तब्ध हो गया था.

इसे भी पढ़ें: नक्सलियों ने चक्रधरपुर में उड़ाई रेल की पटरी हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग  बाधित

 

Related Articles

Back to top button