
Salanpur : सालानपुर एरिया के डाबर कोलियरी के निकट शनिवार को इसीएल टास्क फ़ोर्स द्वारा अवैध कोयला डिपू में छापामारी के बाद डिपू संचालक के रूप में कोयला खदान श्रमिक कांग्रेस (आईएनटीटीयूसी) के सांगठनिक सचिव दिनेशलाल श्रीवास्तव को नामजद आरोपी बनाया गया है.
इस पर यूनियन के महासचिव हरेराम सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जायेगी. दोषी पाये जाने पर उसे यूनियन से निष्कासित कर दिया जायेगा. यूनियन में किसी गलत व्यक्ति के लिए कोई जगह नहीं है.
सनद रहे कि इसीएल की टास्क फोर्स की टीम ने शनिवार सुबह सालानपुर एरिया के डाबर कोलियरी से सौ मीटर की दूरी पर डाबर कोलियरी कॉलोनी के निकट चारदीवारी के अंदर चल रहे अवैध कोयला डिपू में छापामारी की थी.
इसे भी पढ़ें : #Dhullu तेरे कारण : #BJP नेत्री ने कहा- मेरी मौत का इंतजार कर रहा है जिला प्रशासन
छापामारी के दौरान भाग गये थे सारे लोग
छापामारी होते ही डिपू में उपस्थित सारे लोग भाग गये. किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई. डिपू से 163 टन कोयला, दस बांस की टोकरी, दो बेलचा, दो गैती जब्त किया गया.
इसीएल के खदानों से कोयला चोरी रोकने और लीजहोल्ड एरिया में कोयला के अबैध कारोबार को रोकने के लिए तीन सप्ताह पूर्व टास्क फोर्स का गठन किया था. तीन सप्ताह के दौरान टास्क फोर्स कंपनी के विभिन्न एरिया के इलाकों में शनिवार तक कुल दस छापामारी की. जिसमें शनिवार को डाबर कोलियरी के निकट हुई छापामारी सबसे बड़ी छापामारी थी. जिसमें करीब छह लाख रुपये का अवैध कोयला जप्त किया गया.
छापामारी के बाद इसकी प्राथमिकी सालानपुर थाने में दर्ज करायी गयी जिसमें लिखा गया कि डाबर कोलियरी कॉलोनी में कंपनी के आवास में अवैध कब्जा कर रहने वाले अयोध्यालाल श्रीवास्तव के पुत्र दिनेशलाल श्रीवास्तव अवैध कोयला डिपू का संचालक है.
इसे भी पढ़ें : #CityManager नियुक्ति प्रक्रिया : न स्थानीयता का हुआ पालन न #EWS को मिला #reservation
10 लोग बनाये गये हैं आरोपी
श्रीवास्तव को नामजद करने के साथ अन्य दस को इस मामले में आरोपी बनाया गया है. शिकायत में यह भी लिखा गया कि 12 दिसम्बर 2018 को एक ही गतिविधि के लिए सालानपुर थाना में दिनेशलाल श्रीवास्तव व अन्य पांच को आरोपी बनाकर शिकायत दर्ज की गयी थी. जिसपर कांड संख्या 111/18 दर्ज किया गया था.
श्रीवास्तव कोयला खदान श्रमिक कांग्रेस के सांगठनिक सचिव के पद पर हैं और सालानपुर एरिया जेसीसी के सदस्य भी हैं. शनिवार को अबैध कोयला डिपू संचालक के रूप में नामजद आरोपी बनाये जाने पर यूनियन महासचिव सिंह ने जांच कर उसे यूनियन से निष्काषित करने की बात कही.
इसे भी पढ़ें : #MobLynching : प्रतिबंधित पशु काटने के आरोप में भीड़ ने तीन लोगों की पिटाई की, एक की मौत




