
Dhanbad : विधायक ढुल्लू महतो द्वारा मुझे बार-बार परेशान किया जा रहा है. विधायक ने मेरा और मेरे घर वालों का जीना मुश्किल कर दिया है. इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. लगता है जिला प्रशासन मेरी मौत का इंतजार कर रहा है.
उक्त बातें विधायक ढुल्लू महतो पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली भाजपा नेत्री ने कही. वे रविवार को गांधी सेवा सदन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही थीं.
भाजपा नेत्री ने कहा कि विधायक ढुल्लू महतो ने मेरे हाइवा को गायब करवाने की कोशिश की. पति राशन की दुकान चलाते थे, विधायक ने उसे भी बंद करवा दिया. बच्चा बस से स्कूल जाता था, विधायक ने उसे भी बंद करवा दिया.
विधायक ढुल्लू महतो केस उठाने के लिए लगातार धमकी दे रहे हैं. गांधी सेवा सदन में भाजपा नेत्री ने रो-रो कर पत्रकारों को अपनी पीड़ा सुनायी.
इसे भी पढ़े : #CityManager नियुक्ति प्रक्रिया : न स्थानीयता का हुआ पालन न #EWS को मिला #reservation
पुलिस की कार्यशैली पर उठाया सवाल
भाजपा नेत्री ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद प्राथमिकी नहीं की जा रही है. जबकि बियाड़ा के पूर्व अध्यक्ष विजय झा के बेटे पर एक घंटे के अंदर प्राथमिकी दर्ज हो गयी. जबकि यह मामला ही झूठा था.
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को हमारा ट्रक गायब करवा दिया गया. हमारे ड्राइवर को एक निजी गाड़ी में बैठा कर घुमाया गया और उसके साथ मारपीट की गयी. ड्राइवर को हमारा ट्रक नहीं चलाने की धमकी भी दी गयी.
इसे भी पढ़े : #Gandhi150 : रांची में अपनी ही ‘वाटिका’ में अंधेरे में रहते हैं बापू
विधायक ने बेटी को भी परेशान करने की कोशिश की
भाजपा नेत्री ने बताया कि विधायक ढुल्लू महतो ने उनकी बेटी को भी परेशान करने का काम किया है. उन्होंने एक अखबार में बेटी के बारे में गलत खबर छपवा दी. विधायक ने कहा कि मेरी बेटी किसी मुस्लिम लड़के के साथ भाग गयी थी.
इस खबर को पढ़ने के बाद मेरी बेटी डिप्रेशन में आ गयी. इस कारण हमलोग काफी परेशान हैं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गयी. लगता है जिला प्रशासन को मेरी मौत का इंतजार है ताकि मेरे मरने के बाद ढुल्लू महतो के खिलाफ चल रहा मामला खत्म हो जाये. लेकिन जब तक मेरी सांस चलेगी मैं ढुल्लू महतो के अत्याचार के खिलाफ लड़ती रहूंगी.
इसे भी पढ़े : #JharkhandCongress : एक परिवार से एक ही व्यक्ति लड़ेगा विधानसभा चुनाव! शीर्ष पदों पर बैठे नेताओं को टिकट नहीं




