
Ranchi: हजारीबाग में पिछले दिनों सरस्वती पूजा के बाद प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान भीड़ के हाथों मारे गये किशोर रुपेश पाण्डेय की हत्या की घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार शाम को मशाल जुलूस निकाला गया. यह जुलूस जयपाल सिंह स्टेडियम से शहीद चौक तक गया.
राँची महानगर (भाजपा) के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश, सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जयसवाल, समरी लाल, पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री और मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई अन्य नेता भी शरीक हुए.
इसे भी पढ़ें:तसलीमा ने हिजाब को बताया उत्पीड़न का प्रतीक, कहा- ‘ये तब सही था जब महिलाएं Sex Objects थीं ‘
राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति
शहीद चौक पर जुलूस निकाले जाने के बाद दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति हो रही. संप्रदाय विशेष के आधार पर पुलिस काम कर रही है. इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी अपराधियों को तत्काल कानून के कटघरे में खड़ा किया जाना चाहिये. पीड़ित परिवार को समुचित इंसाफ भी सरकार दे.
दोहरी नीति अपना रही सरकारः सांसद
संजय सेठ ने कहा कि रूपेश पांडेय हत्याकांड में झारखण्ड सरकार दोहरी नीति अपना रही है जो ठीक नहीं. इस सरकार के गठन के बाद लगातार झारखंड में मॉब लिंचिंग में हिंदुओं को टारगेट कर उनकी हत्या की जा रही है. सरकार धर्म, संप्रदाय के आधार पर दोहरी नीति अपनाना बंद करे. रुपेश पांडे के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा दी जाये.
सेठ ने कहा कि रूपेश के परिजनों से मिलकर उन्हें ढ़ाढ़स बंधाने को दिल्ली से आये भाजपा नेता कपिल मिश्रा को एयरपोर्ट से ही लौटने को इस सरकार ने मजबूर कर दिया. सच यह है कि सरकार अपराधियों को रोक नहीं पा रही और प्रतिष्ठित नागरिकों पर कानून लाद रही है.
मौके पर सीपी सिंह, नवीन जायसवाल समेत अन्य नेताओं ने भी राज्य में बढ़ती मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर चिंता जतायी. सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किये. रूपेश पांडेय हत्याकांड मामले में गंभीरता दिखाने की मांग की.
बरही में धारा 144 का उल्लंघन कर भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाला मशाल जुलूस
Koderma : बरही में रूपेश पाण्डेय की हत्या के विरोध में गुरुवार शाम 6 बजे भाजपा कोडरमा जिला अध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी के नेतृत्व में झुमरीतिलैया में मशाल जुलूस निकाला. जिले में एसडीएम द्वारा लागू धारा 144 का उल्लंघन कर यह जुलूस निकाला गया.
इसे भी पढ़ें:SBI और HDFC Bank ने बढ़ाया Fixed Deposit पर ब्याज, जानें अब कितना मिलेगा फायदा
सीएम का पुतला दहन किया
झुमरीतिलैया ओवरब्रिज के नीचे विश्वनाथ मोदी प्रतिमा स्थल से डॉक्टर गली, स्टेशन रोड होते हुए स्थानीय झंडा चौक पर जुलूस समाप्त हुआ. झण्डा चौक पर सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया. इस मशाल जुलूस के भ्रमण में कार्यकर्ता हेमंत सरकार हाय हाय, हेमंत सोरेन मुर्दाबाद, रुपेश पाण्डेय के हत्यारे को फांसी दो का नारा लगाते हुए चल रहे थे.

भाजपा जिला अध्यक्ष नितेश चंद्रवंशी ने रुपेश पांडे के हत्यारों पर सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों को फांसी कि सजा देने की मांग की.
इस कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवनारायण मोदी, शिवेंद्र नारायण सिन्हा, जिला महामंत्री राजकुमार यादव, मंत्री शशि भूषण प्रसाद, बैजनाथ यादव, मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर जोशी, आकाश वर्मा, झुमरी तिलैया नगर संयोजक राजेश सिन्हा, कोडरमा ग्रामीण अध्यक्ष दिनेश सिंह, नगर महामंत्री संजय शर्मा, नवीन चौधरी आदि उपस्थित हुए.
इसे भी पढ़ें:लालू प्रसाद की किडनी 18 फीसदी से कम काम कर रही, शुगर लेवल में भी उतार-चढ़ाव, डायट चार्ट किया जा रहा तैयार




