Jamshedpur

पुजारी की खुदकुशी पर बवाल, पांच लाख मुआवजा मिलने के बाद ही अंतिम संस्कार करने पर अड़े परिजन

कमेटी ने कहा- 20 हजार से ज्यादा देना संभव नहीं, तबीयत खराब थी इसलिए आने से मना किया था, चंदन यादव ने कहा परिजनों को 1.50 लाख देंगे

Jamshedpur : बागुनहातु चौक स्थित काली मंदिर के पुजारी पंडित दिलीप चटर्जी (60) का शव जैसे ही रविवार की शाम मंदिर परिसर में  पहुंचा, लोग हंगामा करने लगे. पुजारी की साली काकुली चटर्जी ने कहा कि उनकी ओर से 5 लाख रुपये मुआवजे की मांग की जा रही है. नहीं मिलने तक शव को उठने नहीं दिया जायेगा. वहीं कमेटी के लोगों का कहना है कि उनके पास कोई फंड नहीं है. वे 20 हजार रुपये से ज्यादा नहीं दे सकते हैं. कमेटी के लोगों ने कहा कि पुजारी की तबियत खराब होने के कारण उन्हें मंदिर आने से मना किया गया था. वे आत्महत्या जैसा कदम उठा लेंगे, उन्हें पता नहीं था. इधर समाजसेवी चंदन यादव ने कहा है कि वे परिवार के सदस्यों के 1.50 लाख का सहयोग करेंगे.

कमेटी पर उकसाने का आरोप

परिवार के लोगों का कहना था कि पुजारी ने उकसाये जाने के कारण आत्महत्या की है. मौके पर पुलिस भी दल-बल के साथ पहुंची हुई है और लोगों को समझाने का काम कर रहे हैं, लेकिन कोई सुनने को तैयार ही नहीं है. पुलिस चाह रही है कि सबकुछ आसानी से हो जाए, अन्यथा बाद में सख्त कदम भी उठाने का काम किया जायेगा.

पुजारी की पत्नी और कमेटी के लोग आमने-सामने

पूरे मामले में मृतक के परिवार के लोग और मंदिर कमेटी के लोग आमने-सामने आ गये हैं. आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है. कमेटी के लोग भी साफ कह रहे हैं कि उनपर बेबुनियाद आरोप लगाने का काम किया जा रहा है. पत्नी ने भी अभी तक थाने में किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराया है.

क्या था मामला

पुजारी दिलीप चटर्जी का शव शनिवार की देर शाम को मंदिर परिसर के ही एक कमरे में फंदे पर लटका हुआ पुलिस ने बरामद किया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी आलोका देवी का कहना था कि उनके पति 25 सालों से मंदिर में रहते आ रहे थे. मंदिर कमेटी के लोग कुछ माह से मंदिर को छोड़कर चले जाने का दबाव बना रहे थे. इसकी जानकारी पुजारी ने घर पर दी थी.

किराये के मकान में रहते थे पुजारी

पूजारी मंदिर में पूजा-पाठ करने के साथ-साथ रोड नंबर 3 के एक किराये का मकान में रहते थे. पूजा करने के समय वे सुबह और शाम को मंदिर आते थे. शनिवार को भी वे शाम को मंदिर में पहुंचे थे. इस दौरान वे अपने कमरे में गये थे. कमरे से ही उनका शव पुलिस ने बरामद किया था. शनिवार को भी परिवार के  लोगों ने मंदिर परिसर में हंगामा किया था.

इसे भी पढ़ें- निजी स्कूलों में 23 तक पूरा करना है टीकाकरण, बिना वैक्सीन स्टूडेंट्स को स्कूल खुलने पर नहीं मिलेगी इंट्री

Related Articles

Back to top button