
Patna: बिहार में नीतीश सरकार को बड़ा झटका देते हुए समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है जिसके बाद बिहार में सियासी हलचल तेज हो गई है. विपक्ष सरकार पर हमलावर नजर आ रहा है.
आरजेडी प्रवक्ता शक्ति यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कहा है कि तेजस्वी यादव पहले ही बता चुके हैं कि अगले 3 महीनों में नीतीश सरकार गिर जाएगी. उसकी बानगी अब दिखाई देने लगी है. शक्ति यादव ने कहा कि जो आरोप मदन साहनी ने लगाए हैं वह गंभीर है उसकी जांच होनी चाहिए.
इसे भी पढ़ेंःभाजपा विधायक को जुआ खेलने और शराब रखने के मामले में पुलिस ने किया गिरफ्तार
बता दें कि कुछ दिन पहले तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचे थे जहां उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा था कि नीतीश सरकार दो-तीन महीने में गिर जाएगी. उस बयान के बाद लगातार जेडीयू और बीजेपी की तरफ से बयानों का दौर शुरू हो गया था. कहा यह जा रहा था कि किसी में इतनी ताकत नहीं कि नीतीश सरकार को 5 साल से पहले गिरा दे, हालांकि अब उनके ही मंत्री इस्तीफे की पेशकश कर रहे हैं. ऐसे में विपक्ष हमलावर नजर आ रहा है.
इसे भी पढ़ेंःBJP विधायक का आरोप, बिहार में ट्रांसफर और पोस्टिंग से करोड़ों कमाते हैं मंत्री
बता दें कि बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी ने अफसरशाही से नाराजगी जाहिर करते हुए इस्तीफे की पेशकश की थी. उन्होंने कहा था कि गाड़ी और घर लेकर क्या करूंगा जब जनता की सेवा ही नहीं कर पाऊंगा. जब अधिकारी मेरी सुनेंगे ही नहीं तो जनता की सेवा कैसे कर पाऊंग. अगर मैं जनता की सेवा नहीं कर सकता तो मंत्री बनने का क्या फायदा ? उन्होंने कहा था कि 30 जून तक ट्रांसफर होना है जबकि अधिकारी फाइल दबाए हुए हैं ऐसे में मुझे मंत्री नहीं बनना है मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए.




