JharkhandLead NewsRanchi

विधानसभा चुनाव में अर्जुन मुंडा और आशा लकड़ा की भूमिका बढ़ाए जाने की प्रदेश भाजपा ने की मांग

चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान को ज्योतिरीश्वर सिंह ने लिखी चिट्ठी

Ranchi: प्रदेश भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और रांची नगर निगम की पूर्व मेयर आशा लकड़ा की भूमिका झारखंड विधानसभा चुनाव में बढाने की मांग की है. भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ज्योतिरीश्वर सिंह ने चुनाव के मद्देनजर राज्य में भाजपा संगठन में आदिवासी नेतृत्व को मजबूत करने पर विशेष बल देते चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को चिट्ठी भी लिखी है. इसके जरिए अर्जुन मुंडा को केंद्रीय मंत्रिपरिषद में जगह देने और आशा लकड़ा को सशक्त महिला नेतृत्व के तौर पर प्रमोट करने की मांग की है. उनके मुताबिक, यह उनकी निजी राय नहीं है बल्कि पार्टी के कार्यकर्ता और नेताओं की भी कमोबेश यही राय है. मौजूदा दौर में हम सभी का एक ही लक्ष्य है कि राज्य में भाजपा की सरकार बने. लोकसभा चुनाव के जो परिणाम आये हैं, उसमें 81 विधानसभा क्षेत्र में 52 जगहों पर भाजपा को बढ़त मिली है. निश्चित तौर पर यह पार्टी के लिए उत्साह का विषय है पर इसके साथ हम सभी को यह भी नहीं भूलना चाहिए कि 14 सीट में जनजाति बहुल वाले पांच सीट पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है. इसलिए यह आवश्यक है कि बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में पार्टी में आदिवासी नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में काम हो. सिर्फ नाम गिनाने के लिए नहीं बल्कि वैसे आदिवासी नेताओं को आगे लाना चाहिए जिनका अपने समाज के साथ समग्र समाज पर प्रभाव हो

ज्योतिरीश्वर सिंह के अनुसार, उनकी दृष्टि में आज की तिथि में दल में अर्जुन मुंडा से कारगर और कोई दूसरा नाम नहीं है. चुनाव को ले कर हाल में जो बैठक की गयी, उसमें चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी आये पर इस बैठक में न तो श्री मुंडा ही दिखे और ना ही आशा लकड़ा. इस परिस्थिति में आम कार्यकताओं के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है.चुनाव में हार जीत किसी भी नेता के लोकप्रियता का मापने का पैमाना नहीं होता. जिस तरह उत्तर प्रदेश में चुनाव हारने के बाद भी केशव प्रसाद मौर्य को उप मुख्यमंत्री और उत्तराखंड में पुष्कर धामी को सीएम बनाया गया है, उसी तरह का प्रयोग झारखंड में अर्जुन मुंडा के लिए भी हो तो दल व राज्य हित में बेहतर होता. भ्रष्टाचार के मामले में हेमंत सोरेन के जेल जाने के बाद झामुमो कल्पना सोरेन को आगे कर सहानुभूति बटोरने का  प्रयास कर  रहा है, उस पर ब्रेक लगाने के लिए आशा लकड़ा को चुनाव में एक्टिव मोड में लगाना मौजूदा दौर में नितांत आवश्यक है. किसी भी परिस्थिति में राज्य की जनता को भाजपा की सरकार मिले, इसके लिए तमाम पहलू पर गौर कर काम करने की आवश्यकता है. हम जैसे लोगों की यही इच्छा है कि राज्य को कुशासन से मुक्ति मिले और भाजपा के नेतृत्व मे सुशासन आये. इसलिए पार्टी के पूर्व पदाधिकारी के नाते कार्यकर्ताओं की भावना से चुनाव प्रभारी को अवगत कराना उन्होंने उचित समझा ताकि बात केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचे.

बाबूलाल मरांडी कुशल संगठनकर्ता के साथ दृष्टि वाले नेता हैं. इनके नेतृत्व में झारखंड का नवनिर्माण हो, यह हम सभी की चाहत है. बेहतर टीम लीडर को एक अच्छी टीम मिलना भी आवश्यक है. इसलिए इस मामले में कोई चूक न हो, इस बात पर ध्यान देना आवश्यक है  क्योंकि लोकसभा चुनाव के दौरान तमाम सक्रियता के बाद भी विरोधी नैरेटिव सेट करने में सफल हुए. इसलिए विरोधियों के तमाम षड़यंत्र को विफल करते हुए बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व को सफल और कारगर बनाने के लिए सक्रियता के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है. उन्हें एक अच्छी टीम देने की भी जरूरत है. मौजूदा जो टीम है, उससे दल की चुनावी सफलता को लेकर लोगों के मन में संदेह है. पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता होने के नाते परिणाम की परवाह किये बिना वे वह यह बात रख रहे हैं क्योंकि उनके लिए पार्टी का हित सर्वोपरि है.

इसे भी पढ़ें: 27-29 जून को माहेश्वरी महिला समिति रांची के द्वारा लगाया जाएगा प्री मॉनसून मेला 2024

Related Articles

Back to top button