
Akshay Kumar Jha
Ranchi: अहले सुबह गोड्डा जिले की राजनीति सड़क पर आ गयी. महगामा विधायक दीपिका पांडे सिंह ने सड़क पर गंगा के पानी में जल समाधि ले ली. आरोप लगाया कि एनएच-133 मरम्मती का काम केंद्र सरकार का जिम्मा है. जिसे यहां के सांसद निशिकांत दुबे पूरा नहीं कर रहे हैं. सोशल मीडिया पर मुद्दा आते ही सांसद निशिकांत दुबे भी हमेशा की तरह रेस हो गए. उन्होंने सोशल मीडिया पर विधायक दीपिका को जवाब देते हुए सड़क के खराब होने का ठीकरा झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पर फोड़ दिया. उन्होंने कहा कि जिस सड़क पर कांग्रेस की विधायक ने जल समाधि ली है. उसकी मरम्मती के लिए केंद्र सरकार के राष्ट्रीय उच्च पथ निर्माण विभाग ने नवंबर में ही करीब 75 करोड़ की राशि दे दी है. बावजूद इसके सड़क की मरम्मती नहीं हुई है. सांसद निशिकांत दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस की विधायक दीपिका ने अपने ही सरकार के मुख्यमंत्री के खिलाफ जल समाधि ले ली है.
न्यूज विंग के पास है सड़क मरम्मती की चिट्ठी
न्यूज विंग के पास राष्ट्रीय उच्च पथ निर्माण विभाग (दक्षिण) के मुख्य अभियंता अनिल कुमार सिन्हा की एक चिट्ठी है. जिसमें साफ तौर से लिखा है कि एनएच-133 के पिरपैंती से बाराहाट तक के लिए जो प्राक्कलित राशि आयी थी, उसे मंजूरी दे दी गयी है. यह राशि करीब 20 करोड़ की थी. चिट्ठी पांच नवंबर 2021 की है. चिट्ठी के मुताबिक राशि केंद्र सरकार के मंत्रालय की तरफ से रीलीज कर दी गयी थी. लेकिन 11 महीने बीत गए सड़क की मरम्मती नहीं हो सकी. मामले को लेकर सांसद निशिकांत दुबे आरोप लगा रहे हैं कि इस सड़क का शिलान्यास खुद पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने हाथों से किया था. करीब 75 करोड़ की राशि राज्य सरकार को दे दी गयी है. लेकिन सड़क मरम्मती का काम नहीं हो पाया है. सांसद ने यह भी आरोप लगाया है कि मरम्मती ना होने वजह विभाग और उसके मंत्री हैं. विभाग के मंत्री हेमंत सोरेन हैं.
देखें वीडियो
वीडियो वायरलः लेबर गड्ढे भरने गए तो विधायक ने ली जल समाधि
सोशल मीडिया पर तेजी से एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लेबर खड़े हैं. जिनसे कोई पूछ रहा है कि वो कहां गए थे और क्या हुआ. जवाब में लेबर कह रहे हैं कि वो सड़क पर बने गड्ढे को भरने गए थे, तभी विधायक जी ने जल समाधि ले ली. जिसके बाद वहां भीड़ जमा हो गयी और उन्हें बिना गड्ढे भरे ही वापस आना पड़ा. ऊपर लगे वीडियो को क्लिक कर पाठक देख सकते हैं.




