
Ranchi: रिम्स निदेशक प्रो (डॉ) राज कुमार ने क्रय संबंधी निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संबंधित क्लर्क या अधिकारी के वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं. ऐसी सूचना सामने आ रही थी कि बार-बार लिखित व मौखिक आदेश के बावजूद भी लिपिक और संबंधित अधिकारी द्वारा निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था. स्टोर में दवा, consumables, सर्जिकल आइटम आदि का स्टॉक शून्य होने पर फाइलों को अग्रसारित किया जा रहा था. इस स्थिति को देखते निदेशक ने कहा है कि क्लर्क या अधिकारी जो भी स्टॉक शून्य होने के बाद फाइल बढ़ाते हैं, वह स्पष्ट रूप से कदाचार और भ्रष्टाचार की अपनी मंशा को दर्शाते हैं. ऐसा करने में उनका व्यक्तिगत लाभ है जिस वजह से फाइलों को समय से नहीं बढ़ाते हैं. ऐसे सभी क्लर्क या अधिकारी को चिन्हित कर उनपर कार्यवाई करते हुए वेतन रोकी जाएगी.



