
Ranchi: सिरमटोली से मेकन चौक तक बन रहे फ्लाईओवर के काम में रेलवे के आपत्तियों को क्लियर कर दिया गया है. पथ निर्माण विभाग ने इस संबंध में रेलवे को पत्र लिखा है और केबल स्टे ब्रिज निर्माण की जरूरत भी बतायी है. इस संंबंध में रेलवे की ओर से दिए गये सुझावों पर भी विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है, अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही सारा मसला हल हो जायेगा, जिसके बाद केबल स्टे ब्रिज बनाने का काम निर्माण कंपनी प्रारंभ करेगी.
बता दें कि, सिरमटोली से मेकन चौक तक फ्लाईओवर का काम कराया जा रहा है. इसमें रांची रेलवे लाइन के ऊपर केबल स्टे ब्रिज बनाने के लिए अभी तक रेलवे से अनुमति नहीं मिल पायी है. रेलवे की ओर से कुछ आपत्तियां पथ निर्माण विभाग को भेजी गयी थी, कुछ सुझाव भी दिए गये हैं. जिसका निराकरण करने में विभाग के इंजीनियर लगे हुए हैं, इस वजह से इसके काम में देरी हो रही है. हालांकि, निर्माण कंपनी एलएंडटी केबल ब्रिज बनाने के लिए सारी तैयारी कर रखी है. साजो-समान भी मंगा रखे हैं.
रेलवे का एनओसी मिलते ही काम प्रारंभ कराया जायेगा. बता दें कि, सिरमटोली चौक से मेकन चौक तक फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है. इसका ज्यादातर कार्य करा लिया गया है. दोनों छोर में रैंप भी बन गये हैं. केवल निवारणपुर से पटेल चौक तक केबल स्टे ब्रिज का निर्माण लटका हुआ है, जो रांची रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर होगा. यह प्रयास हो रहा है कि जल्द सारी समस्याओं को दूर करके काम प्रारंभ कराया जाये. इसके लिए रेलवे के अधिकारियों से लगातार बात चल रही है.




