
New Delhi: देश को करीब पांच माह बाद कोरोना से बड़ी राहत मिली है. सोमवार को 24 घंटे में कोरोना के 25,166 नए केस दर्ज किए गए हैं, जो बीते 154 दिनों का सबसे कम आंकड़ा है. मार्च 2020 के बाद अब तक सबसे कम 24 घंटे में मिलने वाली संक्रमितों की संख्या है. इसके साथ ही सक्रिय मामलों में भी कमी आई है. एक्टिव केसों की संख्या अब 3,69,846 ही रह गई है, जो बीते 146 दिनों में सबसे कम है.
अब तक भारत में 3,14,48,754 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं. बीते 24 घंटे में 36,830 लोग कोरोना से स्वस्थ हुए हैं. इस तरह एक दिन सक्रिय मरीजों की संख्या में 10,000 की बड़ी गिरावट देखने को मिली है. इसके साथ ही वैक्सीनेशन में भी तेजी आई है. बीते 24 घंटों में 88.13 लाख वैक्सीन डोज दी गई हैं. देश भर में अब तक 55.47 करोड़ से ज्यादा कोरोना वायरस के टीके लग चुके हैं. एक तरफ तेजी से घट रहे नए केसों और दूसरी तरफ टीकाकरण की रफ्तार ने कोरोना की गति को थामने का काम किया है.
मालूम हो कि दूसरी लहर के पीक पर पहुंचने के साथ ही इसी साल मई माह में रोजाना चार लाख से अधिक मामले मिलने लगे थे. हाल में केरल व कर्नाटक में संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही तीसरी लहर की आशंका भी व्यक्त की जाने लगी थी. अब इन दोनों राज्यों में स्थिति सुधरने के साथ ही संक्रमितों की संख्या में गिरावट आई है. यह देश के लिये राहत वाली बात है.




