
बेरोजगारी, सामाजिक असमानता, आर्थिक तंगी से ग्रस्ति लोग मॉब लिंचिंग का बन रहे हिस्सा
अराजक तत्व ऐसे लोगों का अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करते हैं, लोगों की विवकेहीनता एक बड़ा कारण
असंतुष्ट व्यक्ति अपनी निराशा को अकेले व्यक्ति पर निकाल रहा, 20 से 35 आयुवर्ग के लोग शामिल
मॉब लिंचिंग पर डॉ. अमूल रंजन सिंह से संवाददाता छाया की बातचीत पर आधारित
Ranchi: राज्य में मॉब लिंचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है. ऐसी घटनाएं बताती हैं कि किसी तरह से लोगों की मानसिकता बदल रही है. लोग चीजों को बिना समझे ही उत्तेजित हो जा रहे हैं. ये सिर्फ उन लोगों तक सीमित नहीं रहेगा जो इसके शिकार हुए या इसके पीड़ित परिवार हैं.
हो सकता है आनेवाले समय में इसके और भी भयावह स्वरूप देखने को मिले. क्योंकि लोग या कहें कि भीड़ खुद पर काबू नहीं कर पा रही है. ये कहना है रिनपास के डॉक्टर,प्रोफेसर अमूल रंजन सिंह का.
राज्य में बढ़ती मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर न्यूज विंग ने इसके साइकोलॉजिक्ल इफेक्टस जानने की कोशिश की. जिस पर डॉ. अमूल रंजन सिंह से बातचीत की गयी.
डॉ. अमूल रंजन सिंह ने कहा कि मॉब लिंचिंग की घटनाएं समाज के लिये कोई नयी नहीं है. पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं. लेकिन वर्तमान समय में इसमें काफी बढ़ोतरी हुई है. इसका मुख्य कारण है कि सही समय में ऐसी घटनाओं और ऐसे अराजक तत्वों पर रोक नहीं लगाना.
अगर सही समय में इन अराजक तत्वों पर रोक लगायी जाती तो इस हद तक घटनाएं नहीं होती. क्योंकि सही समय पर उचित कार्रवाई नहीं होने से लोग ऐसी घटनाओं से प्रेरित होते हैं और समय मिलने पर ऐसी घटनाएं हो भी जाती हैं.
इसे भी पढ़ेंःNewsWing की खबर पर हुई जांच, DK पांडेय की पत्नी की जमीन की रजिस्ट्री गलत, रद्द होगी जमाबंदी
समाज में बढ़ता असंतोष और विवेकहीनता कारण
उन्होंने कहा कि साइकोलॉजी में मॉब लिंचिंग के लिये कोई अलग से टर्म नहीं है. लेकिन ये इंसान की मनःस्थिति को दिखाता है. ये बताता है कि लोगों में असंतोष किस हद तक है.
ये असंतोष समाज, सरकार, व्यवस्था, परिवार या निजी कारणों से लेकर किसी भी चीज के लिये हो सकता है. जिस इंसान में जितना असंतोष होता है, उसमें उतनी ही उत्तेजना होती है.
और ऐसे में जब कोई इंसान अकेला मिल जाता है तो लोग उस पर अपना आक्रोश निकालते है. ऐसे में लोग विवेकहीन हो जाते हैं.
उनके सोचने-समझने की शक्ति बिलकुल शून्य हो जाती है.
हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि लोग जानते है कि चोरी जैसे अपराध के लिये कानून है, पुलिस है. फिर भी एक निहत्थे इंसान को मारा गया.
जिस तरह की चीजें खबरों में आयी, उससे जानकारी हुई कि इसमें कुछ अराजक तत्व भी थे. जिन्होंने लोगों को भड़काने का काम किया. लोगों का स्वभाव है कि थोड़े से हो-हल्ला में उत्सुक हो जाते हैं.
ऐसे में अराजक तत्व जानते हैं कि कैसे मुद्दों को भड़काना है और लोगों को भड़का कर ये किनारे हो जाते हैं. जिसके बाद भीड़ अकेले व्यक्ति पर हावी हो जाती है. अराजक तत्व वहीं मासूम जनता को दिखाते हैं, जो उनकी मंशा होती है.
बेरोजगारी, सामाजिक असमानता, आर्थिक तंगी से ग्रस्ति लोग बनते है हिस्सा
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि समाज में कुछ ऐसी चीजें हैं जो बुरी तो है. लोग जानते भी है लेकिन ये समाज का हिस्सा बनती जा रही है. लोग इन चीजों से उभर नहीं पाते हैं. मॉब लिंचिंग भी वर्तमान में ऐसी ही बनती जा रही है.
इसे भी पढ़ेंःपलामू : यहां सड़कों पर दौड़ती है मौत, पांच माह में 104 सड़क दुर्घटनाएं, 74 की मौत, 92 जख्मी
अखबारों में लोग पढ़ते हैं और जानते हैं कि किसी एक व्यक्ति पर इस तरह हावी होना गलत है. इसके बाद भी ऐसा करते हैं. क्योंकि लेागों में जागरूकता, नैतिक मूल्यों का पतन हो रहा है.
कुछ सामाजिक कारण भी हैं जो युवाओं को प्रभावित करते हैं. जिसमें बेरोजगारी, आर्थिक तंगी, समाज की असमानता जैसी चीजें है.
मॉब बन कर पिटाई करनेवालों में अक्सर ऐसी ही मानसिक स्थिति के लोग होते हैं, जो इस तरह की समस्या से ग्रस्ति होते हैं और जिन्हें अपना आक्रोश निकालने के लिये कोई उचित स्थान नहीं मिल पाता.
ऐसे में लोग इस तरह के कामों का हिस्सा बन जाते हैं. आयु वर्ग के बारे में इन्होंने बताया कि 20 से 35 साल के युवाओं में अधिक आक्रोश होता है, वे आसानी से ऐसे हिंसाओं का हिस्सा बन सकते हैं.
तमाशबीनों के नैतिक पतन का कारण है मॉब लिंचिंग
डॉ. रंजन ने कहा कि जिसे हम भीड़ कहते हैं, उसमें जरूरी नहीं है कि कोई जागरूक न हो. जो किनारे खड़े होकर इन घटनाओं को देखते हैं, वो भी जागरूक और सज्जन होंगे.
लेकिन उनकी चुप्पी समाज को गर्त में ले जा रही है. जो लोग फोन में ऐसी घटनाओं को कैद करते हैं, वो भी ऐसी घटनाओं को रोक सकते हैं. लेकिन ये ऐसे लोगों की मानसिकता को दिखाता है कि तमाशबीन या यूं कहें समाज में जो सज्जन बनना चाहते हैं, उनके नैतिक पतन का कारण है मॉब लिंचिंग.
डॉ. अमूल ने कहा कि भीड़ में कोई न कोई जागरूक इंसान होता है, लेकिन इनकी चुप्पी किसी की जान ले लेती है. ये दिखाता है कि लोग डिग्री तो ले रहे हैं.
लेकिन मोरल एजुकेशन के नाम पर कुछ नहीं है. समाज के नैतिक पतन का कारण है. या ऐसे लोगों को भय हो जाता है कि कहीं भीड़ उन पर ही हावी न हो जाये. एकल परिवार का विकास होना भी इसका एक कारण है, क्योंकि लोग एक-दूसरे को समझ नहीं पा रहे.
इसे भी पढ़ेंःदुमका : शादी के खाने में छिपकली गिरी, भोज खाने से 60 लोग बीमार
जो जागरूक नहीं होते उन्हें धर्म के नाम पर भड़काना आसान
मॉब लिंचिंग की घटनाओं को धार्मिक रूप दिये जाने पर डॉ. रंजन ने कहा कि धर्म किसी की हत्या करना नहीं सिखाता है. धर्म का मतलब अनुशासन है.
भारत में तो धर्म बदलने की भी स्वतंत्रता है. फिर कोई एक ही धर्म में बंधा भी नहीं रह सकता है. ऐसे में धर्म के नाम पर लोगों का इन घटनाओं को अंजाम देना दिखाता है की लोग अपने आप पर काबू नहीं कर पा रहे.
भले बाद में पछतावा हो. लेकिन एकसाथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों का इस तरह आक्रोशित हो जाना दिखाता है कि लोग विवेकहीन हैं.
या कुछ ऐसे अराजक लोग हैं जो इन पर हावी हो जाते हैं और घटनाएं हो जाती हैं. ऐसे में जो जागरूक नहीं होते उन्हें धर्म के नाम पर भड़काना आसान होता है.
हर इंसान को संवैधानिक अधिकार प्राप्त है, मानवाधिकार भी है, लेकिन लोगों की जागरूकता और असंतोष का फायदा अराजक तत्व उठा रहे हैं.
लोगों से अपील
चिकित्सक अमूल रंजन ने लेागों से अपील करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं का हिस्सा बनने से पहले विवेकपूर्ण निर्णय लें, किसी भी इंसान, परिवार समेत अन्य सामाजिक चीजों के लिये सोचे.
किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. समुदाय विशेष से ऊपर उठकर काम करें. आत्मविकास की ओर ध्यान दें, नैतिक मूल्यों को बनाये रखें.
मॉब लिंचिंग की हाल की कुछ घटनाएं
साल 2019 में अब तक तीन मौतें मॉब लिंचिंग से हुई है. जिसमें 12 मार्च को पलामू के वकील खान, 10 अप्रैल को गुमला के प्रकाश लकड़ा, 17 जून को सरायकेला खरसांवा के तबरेज अंसारी की मौत हुई.
वहीं बीते शुक्रवार को गोड्डा में दो युवकों की पिटाई भीड़ ने चोरी का आरोप लगाते हुए की. हालांकि एक व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है और एक स्थानीय थाना में है. इसके पूर्व साल 2016 से 2017 तक मॉब लिंचिंग से 15 मौतें हो चुकी हैं.
इसे भी पढ़ेंःहजारीबाग : पुलिस पेट्रोलिंग वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, एक पुलिस कर्मी की मौत




