Sports

वर्ल्ड कप 2019 : इंग्लैंड पर ‘नॉकआउट पंच’ लगाना चाहेगा भारत

Birmingham : भारतीय टीम रविवार को होने वाले विश्व कप के हाई प्रोफाइनल मुकाबले में मुश्किलों में घिरी मेजबान इंग्लैंड पर शानदार जीत के साथ शीर्ष पर पहुंचने पर निगाह लगाये होगी. गौरतलब है कि मैच दोपहर तीन बजे शुरू होगा.

भारत की जीत से मेजबान टीम हो जाएगी टूर्नामेंट से बाहर

अब तक छह मुकाबलों में भारतीय टीम को हार का मुंह नहीं देखना पड़ा है. साथ ही विराट कोहली की टीम 11 अंक के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश की ओर है.
लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ जीत से वह लिस्ट में शीर्ष स्थान को मजबूत करेगी. अगर भारत इसमें जीत जाता है तो मेजबान टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जायेगी.
टूर्नामेंट से पहले इंग्लैंड खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी लेकिन इयोन मोर्गन की टीम अहम मैचों लड़खड़ा गयी जिसके अब सात मैचों में केवल छह अंक हैं और वह टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर है.
यह दुखद है कि कप्तान मोर्गन, जोस बटलर, जानी बेयरस्टो, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर जैसे खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद इंग्लैंड की हाल के वर्षों में सर्वश्रेष्ठ वनडे टीम को इस तरह बाहर होना पड़ेगा.

दबाव में है मेजबान टीम

भारत के लिए इंग्लैंड को हराने का यह बेहतर समय है क्योंकि मेजबान टीम काफी दबाव में है. मैच के दौरान धूप खिली होगी और सूखी पिच पर टर्न  सामान्य से ज्यादा होगा.
इन परिस्थितियों में दो कलाई के स्पिनरों के साथ जसप्रीत बुमराह का सामना करना इंग्लैंड के लिये मुश्किलें पैदा कर सकता है. इंग्लैंड की टीम हालांकि इस बात से राहत ले सकती है कि उन्होंने घरेलू सरजमीं पर पिछली द्विपक्षीय श्रृंखला में भारत को 2-1 से हराया था, लेकिन बुमराह उस समय चोटिल थे और उस श्रृंखला में नहीं खेले थे.
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने हालांकि कहा की भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ ज्यादा रणनीति बनाने में नहीं लगी. दो मैचों में आठ विकेट लेने वाले शमी ने कहा कि प्रतिद्वंद्वी टीम के बारे में सोचने के बजाय बेहतर यही है कि हम अपने प्रदर्शन पर ध्यान लगायें. यदि हम अच्छा करते हैं तो हमें प्रतिद्वंद्वी के बारे में भी सोचने की जरूरत नहीं होगी.
भारतीय टीम के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि उन्होंने अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेला है, फिर भी वह आसानी से जीत हासिल कर रही है. मध्यक्रम बल्लेबाजी अब भी चिंता का विषय है और चौथे नंबर पर विजय शंकर का प्रदर्शन निश्चित रूप से उन्हें कमजोर कड़ी बनाता है. टीम प्रबंधन ने अब तक ऋषभ पंत को मैदान में उतारने का संकेत नहीं दिया है.

टीम इस प्रकार है

भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, विजय शंकर, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, भुवनेश्वर कुमार, रवींद्र जडेजा में से.

इंग्लैंड : इयोन मोर्गन (कप्तान), जेम्स विंस, जानी बेयरस्टो (विकेटकीपर), जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर, मोईन अली, आदिल राशिद, मार्क वुड, क्रिस वोक्स, जोफ्रा आर्चर, जेसन राय, लियाम प्लंकेट, टाम कुरेन और लियाम डासन.

Related Articles

Back to top button