
Ranchi : रिम्स के फाइनल ईयर की परीक्षा रांची विश्वविद्यालय नहीं लेगा. रिम्स प्रबंधन को इस बाबत अवगत करा दिया गया है. बताते चलें कि रिम्स के एमबीबीएस फाइनल ईयर की परीक्षा होनी थी. यह परीक्षा तीन मई से होने वाली थी, जिसे अब अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. इस परीक्षा में एमबीबीएस फाइनल ईयर के 150 स्टूडेंट्स शामिल होने वाले थे.
परीक्षा के संबंध में कुलपति डॉ कामिनी कुमार ने कहा कि रांची विवि की सभी ऑफलाइन परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं. कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि अभी किसी भी तरह की ऑफलाइन परीक्षाएं आयोजित नहीं की जायेगी. सरकार की ओर से जारी आदेश के बाद स्टूडेंट्स को किसी तरह से असमंजस में रहने की जरूरत नहीं है.
गौरतलब है कि बीते 21 अप्रैल को रिम्स में एमबीबीएस के फाइनल ईयर के छात्र-छात्राओं ने तीन मई से परीक्षा को लेकर रिम्स प्रबंधन के सामने विरोध जताया था. रिम्स प्रबंधन का कहना था कि फाइनल ईयर की परीक्षा होनी जरूरी है. जब इस मामले की जानकारी रांची विवि प्रशासन को हुई तो उन्होंने रिम्स प्रबंधन को फोन कर स्पष्ट कर दिया कि अभी परीक्षा नहीं ली जा सकती.
छात्रों का कहना है कि वे अभी भी इंटर्न की ड्यूटी करने के लिए तैयार हैं. वे सेवा से पीछे नहीं हट रहे हैं. लेकिन अभी कई छात्र कोरोना संक्रमिच हैं और कई के घर में लोग बिमार से ग्रसित हैं. ऐसे में परीक्षा होने पर सभी परीक्षा में शामिल नहीं हो सकते. बताते चलें कि छात्र ऑनलाइन परीक्षा की मांग कर रहे थे. इस पर रांची विवि ने स्पष्ट कर दिया है कि एमसीआइ के नियमानुसार परीक्षा जब भी होगी तो वह ऑफलाइन ही होगी.




