Crime NewsRanchi

रांची : एक व्‍यापारी और एक डॉक्‍टर के यहां IT सर्वे में टैक्‍स चोरी का हुआ बड़ा खुलासा

Ranchi : राजधानी रांची में आयकर विभाग के सर्वे में टैक्‍स चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है. आयकर विभाग की टीम ने राजधानी के रांची के अपर बाजार के नारायण दास क्लोथ मर्चेंट और सिद्धार्थ चिल्‍ड्रेन एंड डेंटल हॉस्पिटल में सर्वे किया था. टैक्‍स चोरी करनेवालों के खिलाफ विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. प्रधान मुख्‍य आयकर आयुक्‍त रत्‍नेश नंदन सहाय, संयुक्‍त आयकर आयुक्‍त निशा उरांव सिंघमार, आयकर उपायुक्‍त प्रदीप डुंगडुंग, आयकर अधिकारी गीता कुमारी, मेरी किस्‍कू इस कार्रवाई में शामिल हैं. सर्वे का काम 28 फरवरी से शुरू हुआ था. यह एक मार्च की देर रात संपन्‍न हुआ था.

संचालकों ने 1.2 करोड़ रुपये की अतिरिक्‍त आय स्‍वीकारी

जानकारी के मुताबिक, विभाग ने रांची के अपर बाजार के गांधी चौक स्थित मेसर्स नारायण दास नामक प्रतिष्‍ठान में सर्वे किया. वह साड़ी, धोती, सूट, लहंगा आदि का थोक और खुदरा विक्रेता है. प्रतिष्‍ठान के पार्टनर हर्ष बरेजा, इंदर कुमार बरेजा, ओम प्रकाश बरेजा और सुमित बरेजा हैं. जांच के क्रम में संचालकों ने 1.2 करोड़ रुपये की अतिरिक्‍त आय स्‍वीकारी. आयकर अफसरों को नारायण दास के यहां स्‍टॉक की जानकारी लेने में ही काफी समय लग गया. पिछले तीन साल में प्रतिष्‍ठान ने करोड़ों रुपये लोन लिया है. हालांकि, पूछताछ में इसकी पूरी जानकारी संचालक नहीं दे सके.

डेंटल हॉस्पिटल के संचालकों ने 1.7 करोड़ रुपये की आय छिपायी

मिली जानकारी के अनुसार, सर्वे में यह खुलासा हुआ कि राजधानी स्थित सिद्धार्थ चिल्‍ड्रेन एंड डेंटल हॉस्पिटल ने पिछले दो साल में 1.7 करोड़ रुपये की आय छिपायी है. अस्‍पताल के संचालक डॉ राकेश सिंह और डॉ स्‍वाति‍ सिंह हैं. आयकर अधिकारियों के सामने उन्होंने यह स्‍वीकार भी किया. अस्पताल में बिल और रजिस्‍टर की जांच की गयी. उसमें मरीजों का ब्‍योरा दर्ज था. हालांकि बुक्‍स में ये ब्‍योरे नहीं दिख रहे थे. यह अस्‍पताल 24 घंटे की इमरजेंसी सेवा देता है. वहां नवजात शिशु के आईसीयू, ओटी, बच्‍चों की आईसीयू, वेंटीलेटर, बेड सहित कई अन्‍य सुविधाएं हैं. पेमेंट भी नकद के अलावा विभिन्‍न तरह के कार्ड, एप आदि से भी स्‍वीकार किये जाते हैं.

इसे भी पढ़ें- 11 करोड़ का गबनः पलामू की तत्कालीन डीएसडब्लू सहित दो सीडीपीओ सस्पेंड

इसे भी पढ़ें- नामकुम में एसएसबी और पुलिस की कार्रवाईः 15 एकड़ में अफीम की खेती को नष्ट किया

Related Articles

Back to top button