Crime NewsJharkhandLead NewsRanchi

रांची: छोटी घटनाओं के उद्भेदन पर पुलिस का नहीं होता जोर, एक महीने बाद भी महिला पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी का खुलासा नहीं

संजना स्टूडियो के सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट चुरा ले गए चोर, शादी समारोह में गया था परिवार

Ranchi: पुलिस की सुस्ती कहें या मनमौजी ये समझ से परे है. धुर्वा के एचईसी इलाके में जगरनाथपुर थाना क्षेत्र में महिला पुलिस के घर में हुई चोरी की घटना के एक महीने बीत जाने के बाद भी कुछ हासिल नहीं हो सका है. ये हाल पुलिस वाले के साथ है तो आपको समझ जाना चाहिए जिस झारखंड पुलिस का स्लोगन ‘सेवा ही लक्ष्य’ है, वो हाथी के दांत की तरह है. और चोरों की हिम्मत देखिए, इन्हें न तो कानून का खौफ है ना ही वर्दी पहने पुलिसकर्मियों का. रात में पुलिसकर्मी के घर चोरी करते हैं और पुलिस सो रही होती है. 100 नंबर की भी पोल खुल गई. इस नंबर पर मजबूरी में कॉल आप करें तो शायद ही आपका फोन उठाया जाए.

एचईसी कॉलोनी में सेक्टर-2 मार्केट के गोलचक्कर के पास क्वार्टर नंबर CD-107 को चोरों ने 24 फरवरी 2023 की रात को निशाना बनाया. जहां महिला पुलिसकर्मी निशा कुमारी संयुक्त परिवार में अपने पति के साथ रहती है. निशा वर्तमान में रांची के कोतवाली थाने में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में कार्यरत है. पूरा परिवार घटना वाले दिन बिहार के पटना शादी समारोह में भाग लेने गया हुआ था. इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने घर का ताला काटकर अंदर घुसे और घर में रखे तीन DSLR कैमरे (Canon 60D Mark- II, Sony Nx 200, Nikon 3200), LED TV (42”), जेवरात समेत लाखों के कीमती सामान लेकर चलते बने. अपराधियों ने इसी समय CD-105 में रहने वाले एसएस सरकार के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया. एसएस सरकार का परिवार इलाज के लिए कोलकाता गया हुआ है.

100 नंबर डायल करने पर नहीं मिला रिस्पांस

जानकारी के मुताबकि जिस वक्त अपराधी इस घटना को अंजाम दे रहे थे, उसी वक्त ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले लोगों को इसकी आहट सुनायी दी. ग्राउंड फ्लोर में रहने वाले लोगों ने निशा के जेठ संदीप कुमार सूचना दी. संदीप ने घटना की जानकारी मिलते ही जगरनाथपुर थाना में कॉल किया लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया. इसके बाद संदीप ने 100 नंबर पर डायल किया लेकिन वहां से भी कोई रिस्पांस नहीं मिला. अब खुद ही सोचिए मुस्तैद कौन ज्यादा पुलिस या चोर.

घटना के अगले दिन संदीप ने जगरनाथपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया. लेकिन घटना के एक महीने बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. चोरों की तत्परता कहें या पुलिस की सुस्ती इसमें सिर्फ आम पब्लिक को नुकसान होता है. उसकी गाढ़ी कमाई एक बार में छू हो जाती है. पुलिस मुस्तैद हो तो ऐसी घटना में पूरी तरह से ना सही लेकिन घटना में कमी जरूर लाई जा सकती है.

संदीप कुमार और उनके छोटा भाई अनील कुमार रांची शहर के जाने माने फोटोग्राफर हैं वो Sanjana Studio के नाम से अपना व्यवसाय चलाते हैं साथ ही फोटोग्राफी में रोजगार तलाशने वाले युवाओं को निशुल्क ट्रेनिंग देते हैं. आज इस संस्थान से सीखे कई युवा अपना रोजगार कर रहे हैं. युवाओं का भविष्य संवारने वाले Sanjana Studio के सभी जरूरी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट अपराधी लेते गए और जो नहीं ले जा सके उसे पटक कर तोड़ दिया गया.

इसे भी पढ़ें: Ranchi: महिला पुलिसकर्मी के घर हुई चोरी मामले का 10 दिन बाद भी खुलासा नहीं

Related Articles

Back to top button