JharkhandRanchi

डिस्टलरी पुल मार्केट में शेड लगायेगा रांची नगर निगम, डेढ़ करोड़ से भी अधिक की लागत से शिवपुरी पार्क का होगा सुंदरीकरण

Ranchi : लालपुर-कोकर रोड में स्थित डिस्टलरी पुल के ऊपरी हिस्से में एक मार्केट (सब्जी और अन्य विक्रेताओं के लिए) की तैयारी में रांची नगर निगम (RMC) लगा है. पुल के निचले हिस्से में एक मार्केट पहले से संचालित है. ऊपरी हिस्से में बैठनेवाले सब्जी, फल विक्रेताओं और अन्य के लिए जो हिस्सा तैयार होना है, उसमें एक शेड भी लगाया जायेगा. इसके निर्माण पर 78 लाख 85 हजार 823 रुपये की लागत आने की उम्मीद है. जिसे भी इस कार्य का आवंटन होगा, उसे इसे कार्यादेश के बाद 6 महीने के अंदर कार्य पूरा करना होगा. इसके लिए इएमडी राशि के तौर पर 1 लाख 58 हजार रुपये जमा करने होंगे. टेंडर डॉक्यूमेंट का चार्ज 11 हजार 800 रुपया तय किया गया है.

शिवपुरी पार्क के सुंदरीकरण की तैयारी

नगर निगम की ओर से वार्ड नंबर 30 में स्थित शिवपुरी पार्क के सुंदरीकरण की भी योजना है. इसके तहत 1 करोड़ 65 लाख 78 हजार 683 रुपये की लागत से इस पार्क में हरियाली लाने और इसके सुंदरीकरण का काम होगा. चयनित एजेंसी को कार्यादेश के बाद 270 दिनों में निर्धारित काम को पूरा करना होगा. इसके लिए शर्तों के मुताबिक आवेदक को 3 लाख 31 हजार 600 रुपये इएमडी राशि के तौर पर जमा करने होंगे. टेंडर डॉक्यूमेंट के तौर पर 11 हजार 800 रुपये लगेंगे. विस्तृत जानकारी के लिए वेबसाइट www.jharkhandtenders.gov.in की मदद ली जा सकती है.

इसे भी पढ़ें – शराब कारोबारी योगेंद्र तिवारी की जमानत याचिका पर ईडी से मांगा जवाब, 6 दिसंबर को सुनवाई

Related Articles

Back to top button