
Ranchi: ओरमांझी स्थित भगवान बिरसा मुंडा जू में जाना है तो आपको खुद से सैर करना होगा क्योंकि, जानवरों को देखने के लिये सरकार द्वारा जो बैट्री से चलने वाली गाड़ियां उपलब्ध करायी गयीं थी उनमें अधिकतर बंद पड़ी हुई हैं. जू में कुल 11 बैट्री गाड़ियां हैं इनमें से मात्र दो गाड़ियां 10 सीटर और 13 सीटर ही चल रही हैं.
इसे भी पढ़ें: Ranchi: श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व 29 को, हुआ गुरमत समागम का आयोजन
अधिकतर गाड़ियों में तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार जू में गाड़ियों में तकनीकी खराबी आ गयी हैं. ये गाड़ियां पिछले तीन सालों से बंद पड़ी हुई हैं. अधिकतर गाड़ियों की बैट्री भी खराब हो चुकी हैं.
गाड़ियां नहीं होने से बुजुर्गों को हो रही है परेशानी
गाड़ियां नहीं होने से जू में आने वाले वैसे बुजुर्गों को परेशानी हो रही है, जिनके पास बैट्री वाहन किराए पर लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं है. गाड़ी के लिये बुकिंग काउंटर में भी लंबी कतार है. इसके बाद भी बुकिंग नहीं हो पा रही है.
प्रति सीट 40 रू है
बैट्री गाड़ी की प्रति सीट 40 रु तय है. जू में फिलहाल दो तरह की गाड़ियां उपलब्ध है. ये गाड़ियां केवल जानवरों के प्रभाग के लिये ही है. पक्षियों व झील की तरफ इन गाड़ियों को जाने की मनाही है.
क्या कहते हैं जू के निदेशक
भगवान बिरसा मुंडा जू के निदेशक जब्बर सिंह ने बताया कि तीन साल पहले ये गाड़ियां खरीदी गयी थीं. जिनकी बैट्री की मियाद पूरी हो चुकी है. ये सभी गाड़ियां बाहर की कंपनी से खरीदी गयी थीं. कंपनी के लोगों से संपर्क किया गया है. 10 से 15 दिनों में गाड़ियां ठीक कर दी जायेंगी.




