
Ranchi: आज के इस भौतिकतावादी युग में अपने शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखना हम सभी के लिए बड़ी चुनौती है. जब हम और आप फिट रहेंगे तो राज्य और देश भी फिट रहेगा. ये बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में फिट इंडिया रन-ओ-थॉन कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि के रुप में संबोधित करते हुए कही.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से हमें नई ऊर्जा मिलती है. यह हमें अपने स्वास्थ्य औऱ फिटनेस के प्रति जागरुक करता है. इस तरह के कार्यक्रम का झारखंड में पिछले पांच सालों से लगातार आयोजित होना, हम सभी के लिए गौरव की बात है. मुख्यमंत्री ने कहा कि फिट इंडिया का कंसेप्ट झारखंड में तेज रफ्तार से आगे बढ़ेगी.
इसे भी पढ़ें – धनबाद : अपहरण के प्रयास मामले में ढुल्लू महतो के बड़े भाई सहित पांच पर मामला दर्ज,एक को भेजा गया जेल
रन–ओ-थॉन के हैं कई आयाम
सीएम हेमंत सोरेन के कहा कि रन-ओ-थॉन जैसे कार्यक्रमों के कई आयाम होते हैं. इस तरह के कार्यक्रम सिर्फ शारीरिक फिटनेस के लिए नहीं है, बल्कि इससे कई औऱ चीजें भी जुड़ी हुई हैं. इस तरह के आय़ोजनों से समाज में बेहतर माहौल बनाने का मौका मिलता है.
साथ ही कहा कि खेलों को बढ़ावा मिलने के साथ ही इस क्षेत्र में छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलता है. फिटनेस के लिए लोगों को जागरुक करने का संदेश मिलता है. इतना ही नहीं, हम सभी में सकारात्मक सोच के लिए ताकत भी मिलती है.
खेलों में झारखंड बन सकता है अव्वल राज्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बस इन प्रतिभाओं को निखारने की जरुरत है. सरकार इस दिशा में खिलाड़ियों को पूरा सहयोग करेगी. उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से लगातार आय़ोजित करने से बेहतरीन रिजल्ट सामने आएंगे औऱ झारखंड खेलों की दुनिया में देश का अव्वल राज्य बन सकता है.

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि अगली बार जब वे इस कार्यक्रम में आएंगे तो इससे कई और नई चीजें भी जुड़ी होंगी. उन्होंने इस आय़ोजन के लिए आयोजनकर्ताओं एवं प्रतिभागियों को शुभकामनाएं और बधाई दी.
इसे भी पढ़ें – भारत दौरे से पहले ट्रंप का बाहुबली अवतार, कहा- वहां दोस्तों से मिलने के लिए उत्साहित
झारखंड में खेलों के लिए है बेहतरीन आधारभूत संरचना
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेलों के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना उपलब्ध है. इन आधारभूत संरचनाओं के बेहतर से बेहतर उपयोग करने व खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है, ताकि यहां से निकलने वाले खिलाड़ी अपने प्रदर्शन ने राज्य का नाम देश-दुनिया में रौशन कर सकें.
तीन श्रेणियों में आयोजित, छह हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने लगायी दौड़
झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग और राउंड टेबल इंडिया की ओर से आयोजित रन-ओ-थॉन के पांचवे संस्करण में देश के साथ विदेशों से आये एथलीटों ने हिस्सा लिया. तीन श्रेणियों में आयोजित रन-ओ-थॉन में लगभग छह हजार पार्टिसिपेंट्स ने दौड़ लगायी.

गौरतलब है कि 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर औऱ 5 किलोमीटर की श्रेणी में यह आयोजित की गयी. मुख्यमंत्री ने फिट इंडिया रन-ओ-थॉन के विजेताओं को प्राइज मनी देकर सम्मानित किया. इसके अलावा 21 किलोमीटर औऱ 10 किलोमीटर की श्रेणी में दौड़ पूरी करने वाले सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किया गया.
इस मौके पर पर्यटन, खेलकूद और युवा कार्य विभाग के सचिव राहुल शर्मा, खेल निदेशक अनिल कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक नवीन कुमार सिंह, टीआरआई के निदेशक रणेन्द्र कुमार सिंह, झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुकांत पाठक, रेस डायरेक्टर मनप्रीत सिंह राजा के अलावा राउंड टेबल इंडिया से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – जिस सीयूजे भवन के निर्माण की हो रही CBI जांच, उसका उद्घाटन करेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद




