Ranchi

Ranchi: बंद घरों को निशाना बना रहे अपराधी, बढ़ रहीं चोरी की वारदातें

Ranchi: राजधानी रांची में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. चोरी की ज्यादातर घटनाएं ऐसे में समय हुई हैं, जब घर में कोई नहीं होता है. दरअसल इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले चोरों का एक बड़ा गैंग है.

जो पहले कई इलाकों में घूमकर रेकी करता है. इस दौरान जिस घर में ताला लगा रहता है या घर अगर बंद मिलता है तो उन इलाकों में चोरों का गिरोह अपना हाथ साफ कर देता है. बीती रात ही चूटिया के कृष्णापूरी इलाके में चोरों ने एक बंद घर को अपना निशाना बनाया. पिछले एक हफ्ते में रांची के तीन बंद घरों में चोरी हुए. वहीं पिछले दस महीने की बात करें तो केवल रांची में 1791 चोरी की घटनाएं सामने आई हैं.

इसे भी पढ़ेंः#CitizenshipAmendmentBill2019: एक कश्मीर संभल नहीं रही, सात नए कश्मीर बनाने जा रहे!

बंद घरों को निशाना बना रहे चोर

जिस तरह राजधानी में हाल के दिनों में चोरी की कई घटनाएं हुई हैं. इससे स्पष्ट होता है कि चोरी करनेवाला गिरोह भली-भांति इस बात से परिचित होता है कि घर में कोई नहीं है, क्योंकि ज्यादातर बंद घरों को अपराधी निशाना बन रहे हैं.

गिरोह के लोग पहले इलाके में घूम कर रेकी करते हैं. जब उन्हें घर में किसी के नहीं होने की जानकारी मिलती है,तब ऐसे घरों को टारगेट कर वे रात में चोरी करते हैं. और आराम से भाग निकलते हैं. रांची में पिछले एक सप्ताह की बात करें तो चोरों ने तीन बन्द घरों को अपना निशाना बनाया और लाखो रुपए की चोरी करके फरार हो गए.

बढ़ती घटनाओं से सकते में रांची पुलिस

राजधानी में चोरी की घटनाओं में हुई अप्रत्याशित वृद्धि से रांची पुलिस सकते में है. लेकिन चोरी की घटनायें रुकने का नाम नहीं ले रही हैं. आये दिन चोर किसी ना किसी घर या दुकान को अपना निशाना बना रहे हैं और खुलेआम पुलिस को ठेंगा दिखा रहे हैं.

राजधानी के लगभग सभी थाना क्षेत्रों का अमूमन हाल ऐसा ही है. पुलिस चोरी की वारदात के बाद जांच पड़ताल में जुट तो जाती है, लेकिन चोरों तक पहुंच नहीं पाती है. इसलिए अब पुलिस जनता को ही सतर्क कर घटनाओं पर अंकुश लगाने की कवायद में जुट गई है.

इसे भी पढ़ेंः#CitizenshipAmendmentBill2019: शिवसेना ने केंद्र पर हिंदुओं-मुस्लिमों को बांटने का लगाया आरोप

चोरी की घटना रोकना किसी चुनौती से कम नहीं

राजधानी में पिछले दिनों हुई चोरी की घटनाओं में जहां पुलिस को थोड़ी सफलता मिली थी, वहीं कई मामलों में अब भी पुलिस के हाथ खाली हैं. बाहर का गैंग इन दिनों राजधानी में सक्रिय है. जिससे चोरी की घटनायें लगातार हो रही हैं.

पुलिस फिलहाल उन चोरों को पकड़ने में लगी हुई है. रांची पुलिस समीक्षा बैठक कर घटनाओं पर अंकुश लगाने की कवायद में जुट गई है. साथ ही शहर के लोगों से भी पुलिस जागरूक रहने की अपील कर रही है,ताकि चोरी की घटनाओं में कमी आ सके. इसके बावजूद चोर अपने आतंक से सभी को अंगूठा दिखा रहे हैं. ऐसे में पुलिस के लिए ये चुनौती आसान नहीं है.

हाल के महीने हुई चोरी की कुछ घटनाएं

8 दिसंबर 2019: चुटिया थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी रोड नंबर-14 में कृष्णा सिंह के मकान में ताला तोड़कर चोरी की गयी. बताया जा रहा है कृष्णा सिंह शादी समारोह में भाग लेने दो दिन पहले अपने पैतृक गांव साहेबगंज गए हुए हैं. बंद घर को चोरों ने ग्रिल का ताला काट कर घर के अंदर प्रवेश चोरी की.

6 दिसंबर 2019: नामकुम पावर ग्रिड से हटिया ग्रिड तक बनी नवनिर्मित ट्रांसमिशन लाइन के करीब 10 किमी तार काट कर ले गये थे.इसकी लागत लगभग 15 लाख रुपये है.

5 दिसंबर 2019: नामकुम थाना क्षेत्र के लोवाडीह हाइटेंशन कॉलोनी के क्वार्टर नंबर छह में रहनेवाले हाइटेंशन इंसुलेटर फैक्टरी के पूर्व स्टोर ऑफिसर शिवपूजन सिंह के घर का ताला तोड़ कर चोरों ने लगभग चार लाख के गहने व लैपटॉप की चोरी कर ली.

7 अक्टूबर 2019: लोअर बाजार थाना क्षेत्र के गणपत नगर में एसके मिश्रा के घर में किराए पर रह रहे सतीश पाल के घर करीब 6 लाख की चोरी.

6 अक्टूबर 2019: रांची के कटहल मोड़ स्थित एक मकान मालिक और किरायेदार दोनों के घर में चोरों ने ताला तोड़कर नकदी और जेवर सहित लगभग छह लाख की चोरी कर ली.

20 सितंबर 2019: रांची में चोरों ने दिनदहाड़े आइएएस, आइपीएस और पुलिस अधिकारियों के घर चोरी कर उन्हें सीधी चुनौती थी. ताबड़तोड़ चोरियों को अंजाम देते हुए चोरों ने अलग-अलग जगहों के पांच अपार्टमेंटों के 11 फ्लैटों से लाखों रुपए की चोरी की.सभी घरों में ताला तोड़कर चोरी की गई थी.

1 अगस्त 2019: नामकुम हाइटेंशन के पूर्व जीएम सतीश चंद्र विद्यार्थी के सामलौंग स्थित सरकारी क्वार्टर सी- 33 में दिनदहाड़े 10 लाख की चोरी.

इसे भी पढ़ेंः#JharkhandElection: प्याज की बढ़ी कीमतों पर जवाब देने की बजाय केंद्रीय मंत्री ईरानी ने बंद किया हेलीकॉप्टर का गेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button