
Jamshedpur: भले ही राज्य के मुखिया चुनाव और नए विधानसभा के उद्घाटन में व्यस्त हों, लेकिन उनका गृह जिला जमशेदपुर डेंगू की चपेट में है.
बीते एक हफ्ते में 12 लोगों को डेंगू अपना शिकार बना चुका है. खासतौर से मानगो मंगल कॉलोनी, छाया नगर टिनप्लेट एरिया और कोताडीह में डेंगू के लार्वा मिलने की पुष्टि हो चुकी है.
सात दिनों में 12 लोग डेंगू से ग्रस्ति
मंगल कॉलोनी में एक दर्जन लोग डेंगू के शिकार हो चुके हैं. दहशत का माहौल इस कदर है कि मंगल कॉलोनी के लोग डीसी कार्यालय पहुंचे. और उपायुक्त से एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग की गुहार लगायी.
हैरत की बात ये है कि 2017 में जमशेदपुर डेंगू का कहर देख चुका है, उस वर्ष जमशेदपुर में डेंगू के 500 से अधिक मामले सामने आये थे और चार लोगों की जान चली गई थी.
2018 में भी करीब 70 लोग डेंगू की चपेट में थे और 2019 में भी स्थिति कुछ वैसी ही है. 2019 में अब तक 44 लोग डेंगू का शिकार हो चुक हैं.
RT (Quick Response Team) का गठन
जिला स्वास्थ्य विभाग ने बिगड़ते हालात में एहतियात के तौर आनन-फानन में 6 स्पेशल टीम का गठन किया है. जो सभी इलाकों का सैंपल इकट्ठा कर जांच करेगी.
साथ ही किन जगहों पर एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग भी होगी इसका रुटमैप भी तैयार करेगी. इसके अलावा जागरुकता अभियान और विज्ञापन का सहारा लिया जाएगा.
स्वास्थ्य विभाग ने की पुष्टि
कंचन नगर, टीनप्लेट, मंगल कॉलोनी और कोताडीह समेत 10 से भी ज्यादा जगहों पर विभाग की तरफ से सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
जिसमें 600 से अधिक खतरनाक बीमारी फैलाने वाले मच्छर मिले है, सभी जगह एंटी लार्वा और फॉगिंग की गई है. साथ ही घर-घर जाकर भी अधिकारी लोगों को पानी जमा न करने की खास हिदायत भी दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंःकमजोर होता जा रहा है पुलिस का खुफिया तंत्र, टेक्निकल सेल पर बढ़ी निर्भरता
मामले की गंभीरता को देखते हुए मलेरिया-फलेरिया विभाग और सर्विलेंस विभाग के अधिकारियों की छुट्टी भी रद्द की जा चुकी है और पूरे जिले में हाई अलर्ट भी जारी है.
सीएम रघुवर दास ने नहीं ली सुध
बीते शुक्रवार और शनिवार सीएम जमशेदपुर में ही थे, लेकिन सीएम धुआंधार बैठक करने में ही व्यस्त रहे. बैठकों में रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया.
साथ ही कार्यकर्ताओं को 12 सितंबर के उद्घाटन समारोह में रांची आने का निमंत्रण देना भी सीएम नहीं भूले. लेकिन डेंगू के कहर से जुझ रहे जमशेदपुर की सुध एक बार भी नहीं ली. जबकि बीते तीन साल से शहर डेंगू के दहशत में है.




