
Ramgarh: प्राइवेट कंपनी के ठेकेदार के मुंशी की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. लेवी मामले को लेकर मुंशी की हत्या कर दी गई थी. एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर स्पेशल टीम बनाई थी. आरोपी के पास से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है.
एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि तोपा परियोजना में बीते दिनों लेवी को लेकर ठेकेदार के मुंशी को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जिसके बाद वहां ग्रामीणों ने हत्या के विरोध में कामकाज पूरी तरह ठप करा दिया था. रामगढ़ एसपी के आश्वासन के बाद दोबारा काम शुरू हुआ था. हत्या की घटना के बाद एसपी की स्पेशल फोर्स टीम एसडीपीओ के नेतृत्व में टेक्निकल कर्मियों की मदद लेते हुए घटना को अंजाम देने वाले अपराधी तबारक अंसारी को धर दबोचा है.

तिवारी गैंग का सक्रिय सदस्य है आरोपी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विकास तिवारी गैंग का सक्रिय सदस्य है. रामगढ़ जिले में तबारक के खिलाफ आधा दर्जन मामले थानों में दर्ज है. एक मामले में इसे सजा भी हो चुकी है. इस कांड में कुल तीन अपराधी शामिल थे. मुख्य शूटर और सरगना को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम छापेमारी कर रही है. इन लोगों द्वारा पैसे वसूलने के उद्देश्य से घटना को अंजाम दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: Chatra में एक स्थान पर पांच से अधिक लोगों को खड़ा रहना पड़ सकता है महंगा




