
Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र अंतर्गत सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की केंद्रीय कर्मशाला, नयानगर बरकाकाना के प्रधान सुरक्षा प्रहरी की धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या कर दी गयी है. प्रधान सुरक्षा प्रहरी कृष्णा राम सीसीएल आवासीय परिसर में कार्यरत थे. घटना बुधवार की देर रात की है.
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह कृष्णा राम अपने आवास पर सो कर नहीं उठे तो अगल-बगल रहने वाले क्वार्टर के लोगों ने उन्हें आवाज देकर जगाने का प्रयास किया. अंदर से कोई आवाज नहीं आयी तो पड़ोसियों ने उनके आवास के अंदर जाकर देखा तो उनका शव खून से लथपथ खटिया पर पड़ा हुआ है. शरीर एक कंबल से ढंका हुआ था.
सूचना पाकर बरकाकाना ओपी पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और छानबीन करते हुए शव को अपने कब्जे में कर लिया. मृतक कृष्णा राम, बिहार के नवीनगर औरंगाबाद के रहने वाले थे. सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के केंद्रीय कर्मशाला स्टोर में वे प्रधान सुरक्षा प्रभारी के पद में कार्यरत थे. बरकाकाना के क्वार्टर में अकेले रहते थे.
इस संबंध में बरकाकाना ओपी प्रभारी हर प्रसाद शाह ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है. संभावना है कि देर रात ही किसी ने आवास में उनकी गर्दन काटकर हत्या कर दी है. फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है. पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें – बिहारः शिक्षा मंत्री मेवालाल चौधरी ने इस्तीफा दिया , भ्रष्टाचार का लगा था आरोप




