
Ranchi : राज्य के 11वें मंत्री के रूप में आजसू विधायक रामचंद्र सहिस ने पेयजल स्वच्छता और जल संसाधन मंत्री का पदभार ग्रहण किया. नेपाल हाउस मंत्रालय में दोपहर 1.30 बजे श्री सहिस ने मंत्री का पद संभाला. उनका स्वागत अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह और आराधना पटनायक और दोनों विभागों के अफसरों ने की.
उन्होंने अधिकारियों के साथ औपचारिक बातचीत में दोनों विभागों की लंबित योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया. कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति टोलों में हर हाल में 30 सितंबर तक जलापूर्ति योजना शुरू कर दी जाये.
जल संसाधन विभाग में सुवर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना और अन्य बड़ी योजनाओं की जानकारी भी उन्होंने ली. उन्होंने कहा कि पेयजल और स्वच्छता विभाग के अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम की उपलब्धियों को बरकरार रखने की आवश्यकता है. मौके पर दोनों विभागों के अभियंता प्रमुख और मुख्यालय के वरीय अधिकारी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – धनबाद में पेयजल संकट गहराया, तोपचांची झील में मात्र सात दिनों का पानी है शेष
चंद्रप्रकाश चौधरी के सांसद बनने के बाद हुआ था पद रिक्त
राज्य के पूर्व मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी के गिरिडीह सांसद बनने के बाद पेयजल स्वच्छता और जल संसाधन विभाग के मंत्री का पद रिक्त हुआ था. श्री चौधरी ने 10 जून को अपने पद से इस्तीफा दिया था. तब से राज्य के 11वें मंत्री का पद खाली था. आजसू कोटे के तहत ही जुगसलाई के विधायक रामचंद्र सहिस को मौका दिया गया.




