
Garhwa: जिले में बालू खनन पर एनजीटी की रोक के बाद अवैध खनन करने वालों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान शनिवार को एक बड़ी घटना होते होते रह गई. बालू माफियाओं ने मझिआंव प्रखंड के सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता पर इस समय जानलेवा हमला कर दिया है, जब अवैध तरीके से हो रहे बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई करने वह पहुंचे थे. इस हमले में हालांकि वे बाल-बाल बच गए, लेकिन इसमें सीओ के ड्राइवर व नौकर समेत तीन लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मामला मझिआंव थाना क्षेत्र के बूढ़ी खाड़ गांव का है जहां नदी में चल रहे अवैध बालू खनन व परिवहन के खिलाफ सीओ कार्रवाई करने पहुंचे थे. बिना किसी सुरक्षा के पहुंचे सीओ को बालू माफियाओं ने घेर लिया और उन पर हमला कर दिया. इस दौरान सीओ के ड्राइवर व नौकर सहित तीन को माफियाओं ने पीट -पीटकर घायल कर दिया.
मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस,एक गिरफ्तार
बालू माफियाओं के सीओ पर हमला करने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमलेश कुमार महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और सीओ की निशानदेही पर बालू माफिया परसु यादव के पुत्र बबन यादव को गिरफ्तार किया. पुलिस ने बबन यादव व चार अन्य पर नामजद समेत 30-40 अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है. इस घटना को लेकर सीओ रामजी प्रसाद गुप्ता ने कहा कि वे छापामारी करने के लिए खरसोता की तरफ से आ रहे थे. इसी दौरान बूढ़ी खाड़ नदी में ट्रैक्टर में अवैध रूप से बालू भरा जा रहा था. फोटो खींचते देखकर काफी संख्या में ग्रामीणों ने हमला कर दिया.




