
Dilip Kumar
Palamu : गर्मी शुरू होते ही शहरी क्षेत्र में जल संकट गहराना शुरू हो जाता है. मई और जून के माह में तो शहरवासी बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना शुरू कर देते हैं. वार्डों में पानी की विकराल समस्या के निराकरण के लिए निगम टैंकरों से पानी की आपूर्ति करता है. बावजूद लोगों की परेशानियां कम नहीं होती है.
पानी की समस्याओं से निजात के लिए और जमीन का वाटर लेवल बने रहने के लिए नगर विकास विभाग ने शहरी क्षेत्र के व्यवसायिक और घरेलू आवासों के निर्माण के दौरान रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाते हए निर्माण कार्य करने का आदेश दिया था, लेकिन विभाग का यह नियम निगम कार्यालय में धूल फांक रही है. पूर्व में बने शहर के व्यवसायिक और घरेलू आवासों के निर्माण में कहीं पर भी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नहीं अपनाया गया.
लोग बेधड़क व्यवसायिक और घरेलू आवासों का निर्माण कर रहे हैं
वर्तमान समय में भी शहरी क्षेत्र में बन रहे व्यवसायिक और घरेलू आवासों के निर्माण में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था नहीं की जा रही है. लोग बेधड़क व्यवसायिक और घरेलू आवासों का निर्माण कर रहे हैं. दिलचस्प यह है कि निगम क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के द्वारा ही व्यवसायिक और घरेलू आवासों का निर्माण कराना है, खुद निगम को भी पता नहीं है. इस कारण प्रचार-प्रसार नहीं कराया जा सका.यहां तक की प्रधानमंत्री आवास योजना में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के साथ मकान निर्माण कराने का नियम है, लेकिन शहरी क्षेत्र में जितने भी पीएम आवासों का निर्माण अभी तक कराया गया है, उसमें वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लाभुकों द्वारा नहीं कराया गया है.
नगर विकास विभाग के नियम को लागू नहीं कर सका निगम
नगर विकास विभाग ने शहरी क्षेत्र के सभी घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम नियम को वर्ष 2017 में ही लागू कर दिया गया था. बावजूद यह नियम शहरी क्षेत्र में लागू नहीं कराया जा सका. डेढ़ सालों की अवधि में शहरी क्षेत्र में जितने भी व्यवसायिक और घरेलू आवासों का निर्माण कार्य कराया गया, उनमें किसी में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को नहीं अपनाया गया गया. अभी भी लोग बेधड़क निर्माण कार्य कर रहे हैं. निगम ने दिसंबर 2017 में ही इस नियम को कड़ाई से लागू करने संबंधि आदेश दिया था, लेकिन वह भी दिखावा ही साबित हुआ.
शीघ्र ही शहरी क्षेत्र के लिए नियम लागू होगा: कार्यपालक पदाधिकारी
कार्यपालक पदाधिकारी विनीत कुमार ने कहा कि शीघ्र ही शहरी क्षेत्र के सभी घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लागू किया जायेगा. महानगरों में जिस प्रकार व्यवसायिक और घरेलू आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाया गया है, उसी प्रकार यहां भी बनाने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने बताया कि अभी वह तुरंत ही पदभार संभाले है, इस कारण विशेष जानकारी नहीं है, लेकिन नगर विकास विभाग का नियम है तो उसे हर हाल में लागू कराया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – तो बताएं… झारखंड के नेताओं में अमर्यादित भाषा के लिए किसे मिल सकता है फर्स्ट प्राइज




