
Jamshedpur: जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के हुरलुंग पंचायत के अंतर्गत प्रकाशनगर में जुस्को का पानी कनेक्शन देने के संबंध में शनिवार को विधायक मंगल कालिंदी ने जुस्को कंपनी के सीनियर जनरल मैनेजर कैप्टन मिश्रा से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से विधायक ने कैप्टन मिश्रा से कहा कि हुरलुंग पंचायत के प्रकाशनगर के तीन हजार घरों में पीने के पानी की विकट समस्या है. गर्मी के दिनों में यहां के निवासियों को पानी टैंकर से खरीदना पड़ता है जबकि उक्त क्षेत्र के पास में ही जुस्को द्वारा पाइप लाइन के माध्यम से अन्य स्थानों में पानी सप्लाई की जा रही है.
विधायक ने कहा कि जुस्को द्वारा पानी के लिए जो राशि निर्धारित की गई है वह उक्त क्षेत्र के निवासी देने को तैयार हैं. विधायक ने आग्रह किया है कि उक्त क्षेत्र में जुस्को द्वारा पानी की सप्लाई की जाए ताकि यहां के निवासियों को इस विकट समस्या से निजात मिल सके. वहीं दूसरी ओर यूसिल कंपनी के सीएसआर फंड से क्षेत्र में विकास कार्य कराने के संबंध में कंपनी प्रबंधन से मिलकर विधायक ने एक सूची सौंपी. ग्रामीण वैन पुनः शुरू करने, जहां पहले से बिजली की व्यवस्था है वहां स्ट्रीट लाइट लगवाने, आसपास के ग्राम में सोलर लाइट लगाने, व्यांगबिल पूड़िहासा के सीमा क्षेत्र में जलमीनार निर्माण, आसपास के पांच ग्राम में आदिवासी पारंपरिक वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने ( बाहा पर्व से पहले) , मार्चागोड़ा ग्राम में जाहेरथान की चारदिवारी का निर्माण, नीलडूंगरी टाटा हाता मेन रोड से व्यांगबिल की सड़क एवं नाली निर्माण, व्यांगबिल पंचायत मंडप के समीप जलमीनार की मरम्मत कराने एवं अन्य कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द करवाने को लेकर सूची सौंपी गई. विधायक ने बताया कि हिल व्यू कॉलोनी ब्यांगबिल के ग्रामवासियों के द्वारा उन्हें समस्याओं से अवगत कराया गया था.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : एसएसपी से गुहार, डब्ल्यूडब्ल्यूएसओ के मालिक को करें तलब, दिलाएं सुरक्षाकर्मियों को काम




