
Bokaro /Lucknow : रेलवे की ऑक्सीजन एक्सप्रेस शनिवार की सुबह करीब 6.30 बजे लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर पहुंची. ऑक्सीजन एक्सप्रेस के लखनऊ पहुंचने पर खुशी जताते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल का आभार जताया है.
इसे भी पढ़ें: न्यूज विंग ने की पहल, रांची व खूंटी पुलिस के साथ प्रेसक्लब को दिए मास्क-सेनेटाइजर
आधिकारिक जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर बोकारो से रवाना हुई ऑक्सीजन एक्सप्रेस 30,000 लीटर तरल चिकित्सीय ऑक्सीजन लेकर लखनऊ आई है.
ऑक्सीजन एक्सप्रेस के लखनऊ पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ट्वीट किया ‘भारतीय रेल को देश की ‘लाइफ लाइन’ कहा गया है. प्रधानमंत्री की प्रेरणा से आज वाराणसी तथा लखनऊ पहुंची ‘ऑक्सीजन एक्सप्रेस’ इसका जीवंत उदाहरण है.’
योगी ने अपने ट्वीट में प्रदेशवासियों के जीवन रक्षण हेतु इस कार्य के लिए प्रधानमंत्री तथा रेल मंत्री पीयूष गोयल के प्रति आभार जताया है.
अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने शनिवार को बताया कि ऑक्सीजन एक्सप्रेस मेडिकल ऑक्सीजन के दो टैंकर लेकर सुबह साढ़े छह बजे लखनऊ पहुंची. प्रत्येक टैंकर 15,000 लीटर क्षमता का है.
जानकारी के अनुसार बोकारो से ऑक्सीजन एक्सप्रेस तीन टैंकर ऑक्सीजन लेकर रवाना हुई थी जिसमें से एक टैंकर शुक्रवार/ शनिवार की दरमियानी रात वाराणसी में उतारा गया.
अवस्थी ने कहा कि इस ऑक्सीजन से लखनऊ की आधी मांग आज पूरी हो जाएगी और मरीजों को राहत मिलेगी. शनिवार को रेलवे की दूसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस सुबह 5.30 बजे लखनऊ से बोकारो के लिए चार खाली टैंकरों के साथ रवाना हुई. बुधवार को रेलवे ने कहा था कि राज्य सरकार से अनुरोध मिलने के बाद वह उत्तर प्रदेश में अपनी दूसरी ऑक्सीजन एक्सप्रेस चलाएगा.
उत्तर प्रदेश में ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए राज्य सरकार कई मोर्चे पर कार्य रही है.
इसे भी पढ़ेंः बिना ऑक्सीजन सपोर्ट वाले 12 सौ बेड पड़े है खाली
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को ‘ऑक्सीजन मॉनिटरिंग सिस्टम फॉर यूपी’ नामक डिजिटल प्लेटफार्म का उद्घाटन किया था.
आधिकारिक जानकारी के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में कोविड-19 के वर्तमान संकट काल में उत्पन्न हुई ऑक्सीजन की समस्या से निपटने के लिए यह प्लेटफार्म तैयार किया गया है.
एक सरकारी बयान में अवस्थी ने बताया कि ऑक्सीजन के लिए डिजिटल प्लेटफार्म की व्यवस्था शुरू करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है.
अवस्थी ने बताया कि यह प्लेटफार्म प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, चिकित्सा शिक्षा विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, परिवहन एवं गृह विभाग के सहयोग से रोडिक कंसल्टेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया है. इस कंपनी के प्रतिनिधि ऑक्सीजन की आवश्यकता वाले सरकारी एवं निजी अस्पतालों में मौजूद रहकर समयबद्ध रूप से ऑक्सीजन की सुगम आपूर्ति कराना सुनिश्चित करेंगे.
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए वेब पोर्टल/लिंक तैयार किया गया है, जिसको ऑक्सीजन आपूर्ति कड़ी से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा प्रयोग किया जा सकेगा. कंपनी के प्रतिनिधिगण अस्पताल की ऑक्सीजन आवश्यकता का विवरण पोर्टल पर अपलोड करेंगे और पोर्टल पर ऑक्सीजन सप्लाई में लगे वाहनों की ऑनलाइन उपस्थिति को ट्रैक करते हुये निकटस्थ वाहन को अस्पताल के लिए रवाना किया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंः पुलिस के हत्थे चढ़ा NIA का वांडेट नक्सली राय सोरेन, 50 हजार का था इनामी




