
Ranchi : झारखंड में बालू के उत्खनन और परिवहन पर रोक होने के बावजूद नदियों से बालू का अवैध दोहन और धड़ल्ले से हो रहे परिवहन पर रोक लगाने के लिए रांची के बुंडू में छापेमारी अभियान चलाया गया. बालू के अवैध परिवहन की गुप्त सूचना पर छापेमारी कर अवैध रूप से बालू लदे वाहन को पकड़ा गया.
बुंडू में विभिन्न थाना क्षेत्रों के नदी घाटों में लगातार कार्रवाई से अवैध बालू खनन और बालू ढुलाई मामले में पुलिस को सफलता भी मिल रही है. नक्सल प्रभावित इलाके के दशम फॉल इलाके के चुरगी नदी से बड़ी संख्या में बालू लदे टर्बो और हाइवा को जब्त किया गया. रात में जंगल और अंधेरे का फायदा उठा कर टर्बो और हाइवा चालक भाग निकले.
पिछले एक माह से लगातार सोनाहातू इलाके से डिबाडीह इलाके से भी ढाई सौ से ज्यादा बालू डंपिंग मामले पर कार्रवाई की गयी है. सोनाहातू के बीडीडी से गुरुवार को 2 टर्बो जब्त किया गया.
इसे भी पढ़ें :बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने 7 जुलाई को किया तलब
राहे थाना इलाके के बसाहातू और राढ़ू नदी घाट क्षेत्र और बुंडू थाना क्षेत्र के बिचाहातू से भी अवैध बालू उत्खनन और ढुलाई मामले पर कार्रवाई की जा रही है.
विगत एक माह से रांची एसएसपी के निर्देश पर नक्सल प्रभावित नदी घाट इलाकों में सघन छापामारी अभियान चला कर अवैध बालू उत्खनन, डंपिंग और चोरी छिपे बालू की तस्करी पर कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें :एनटीपीसी और भू-रैयतों के बीच विवादः सरकार ने फिर से उच्च स्तरीय कमेटी से मांगी रिपोर्ट




