West Bengal

रैगिंग : आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में सीनियर्स ने जूनियर्स की पिटाई की, विरोध में मारपीट व तोड़फोड़

Asansol : आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में रह रहे जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के नाम पर मारपीट करने का आरोप उसी कॉलेज के सीनियर छात्रों पर लगा है. घटना के बाद से कॉलेज परिसर में तनाव का माहौल है.

पूरा परिसर सोमवार रात से रणक्षेत्र बना हुआ था. छात्रों के दोनों गुटों के बीच लगातार संघर्ष की खबरें सामने आ रही हैं. साथ ही साथ कॉलेज की संपत्ति को भी तोड़फोड़ कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया गया है.

इसे भी पढ़ें : धनबादः बच्चा चोरी का आरोप लगाकर लोगों ने दो महिलाओं को बनाया बंधक, पुलिस ने बचायी जान

प्रदर्शन और गेट जाम 

आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में जेसी बोस होस्टल के सीनियर स्टूडेंटस द्वारा सोमवार की मध्य रात्रि को एपीजे ब्वायज होस्टल के जूनियर स्टूडेंटस के साथ मारपीट किये जाने के प्रतिवाद में जूनियर स्टूडेंटस ने मंगलवार की दोपहर को कॉलेज का मुख्य प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया और आवागमन रोक दिया.

जूनियर स्टूडेंटस जेसी बोस होस्टल को बंद करने और मारपीट में शामिल सीनियर छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे. कॉलेज प्रबंधन ने स्थिति नियंत्रित बताते हुए दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह का आश्वासन दिया है. सीनियर होस्टल के स्टूडेंटस को प्रबंधन ने नोटिस भेजकर होस्टल खाली करने का आदेश दिया है.

रात से ही कैंप कर रही पुलिस

रैगिंग : आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में सीनियर्स ने जूनियर्स को पीटा, विरोध में मारपीट व तोड़फोड़घटना की सूचना पाकर सोमवार की रात से ही आसनसोल नॉर्थ थाना पुलिस कॉलेज परिसर में कैंप किये हुए है. कॉलेज के रजिस्ट्रार जीएस पांडा ने कहा कि सीनियर एवं जूनियर होस्टल के छात्रों के बीच हल्का विवाद हुआ है. जेसी बोस होस्टल के सीनियर स्टूडेंटस को नोटिस भेजकर होस्टल खाली करने के निर्देश दिये गये हैं.

उन्होंने कहा कि सीनियर स्टूडेंट्स को जूनियर स्टूडेंटस से सम्मान न मिलने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ है. उन्होंने स्थिति नियंत्रण में बताते हुए  दोनों पक्षों में सुलह करवाने की बात कही. उन्होंने कहा कि कुछ छात्र घायल हुए थे. प्राथमिक उपचार के बाद वे सभी होस्टल में लौट आये हैं.

इसे भी पढ़ें : पलामू : CSP संचालक ने अपने ही दस फिंगर प्रिंट्स से हजारों खाते खोल लाखों हड़पे, भागते हुए पकड़ाया

लाठी-डंडों, पत्थर और डंबल से पिटाई का आरोप

आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज एपीजे ब्वायज होस्टल के तीसरे वर्ष के छात्रों अभिषेक कुमार, नरेंद्र शर्मा आदि ने कहा कि सीनियर एवं फाइनल वर्ष के छात्रों ने लाठी डंडों, पत्थर, व्यायामशाला के सामान डंबल आदि से जूनियर स्टूडेंटस की पिटाई की है.

छात्र निशांत ने कहा कि बिहार निवासी अरविंद कुमार के चोटिल होने पर उसे रात को निजी अस्पताल में भरती कराया गया जहां से मंगलवार सुबह उसके अभिभावक अपने घर इलाज के लिए ले गये हैं. घटना में दर्जनों छात्र घायल हुए हैं. जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है.

‘सीनियर मनमानी करना चाहते हैं’

अभिषेक ने कहा कि सीनियर स्टूडेंटस उनके साथ दुर्व्यवहार और मनमानी करना चाह रहे थे और बाहर बुला रहे थे. वे जूनियर स्टूडेंटस के साथ अभद्रता से पेश आ रहे थे. परंतु कोई भी स्टूडेंट बाहर नहीं निकला. जिसके बाद सीनियर स्टूडेंटस मुंह पर गमछा, रूमाल से चेहरे को ढंककर कर और होस्टेल का लाइट बंद कर दरवाजा तोडते हुए दाखिल हुए और मार पीट की. जिसमें कई छात्र बुरी तरह जख्मी हो गये हैँ.

आसनसोल नॉर्थ थाना पुलिस ने कहा कि मामले को लेकर किसी पक्ष की और से प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी है. सुरक्षा के लिए कॉलेज में भारी संख्या में पुलिस की तैनाती की गयी है. स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

कॉलेज के निदेशक तरंजित सिंह ने कहा की कॉलेज में स्पेशल कमिटी का गठन किया गया है, जो मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट देगी. दोषी पाये गये छात्रों पर कड़ी कारवाई की जायेगी.

इसे भी पढ़ें : धनबाद : बैंक में काउंटर के पास रखे 25 लाख ले उड़ा चोर, जमा करने पहुंचा था कलेक्शन एजेंट

Related Articles

Back to top button