
Jamshedpur : 1 सितंबर से नये ट्रैफिक नियम लागू किये गये हैं. देश में कई राज्य इसका कड़ाई से पालन कर रहे हैं. उन राज्यों में झारखंड भी एक है और यहां भी नये ट्रैफिक नियमों का पालन कड़ाई से किया जा रहा है. वहीं इस व्यवस्था के पालन के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की संख्या भी पूरी होनी चाहिए. लेकिन जमशेदपुर में ऐसे नहीं है. जहां ट्रैफिक कंट्रोल के लिए 465 ट्रैफिक जवानों की जरूरत है, लेकिन मात्र 67 ट्रैफिक के जवानों से ही काम चल रहा है.
वहीं बताया जा रहा है कि जिला परिवहन पदाधिकारी विभाग के पास अपनी कोई गाड़ी ही नहीं है. जाहिर है नये नियम भी सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे. क्योंकि इनका कड़ाई से पालन तभी कराया जा सकेगा, जब ट्रैफिक पुलिस और जिला परिवहन पदाधिकारी संसाधनों और पर्याप्त कर्मचारियों से लैस होंगे.
इसे भी पढ़ें – #NewTrafficRule पर खुल कर बोल रहे हैं- पढ़ें लोग क्या कह रहे हैं (हर घंटे जानें नये लोगों के विचार)
जमशेदपुर में हैं पांच ट्रैफिक थाना
जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस की कमी कितनी है, इसका हिसाब आंखों देखी ही रखा जा सकता है. जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर में पांच ट्रैफिक थाना हैं. जिनमें से एक यातायात थाना में 80 के करीब मैन पावर की जरूरत है. लेकिन वर्तमान में इन थानों में मात्र 10-12 ही ट्रैफिककर्मी हैं. वहीं पांचों यातायात थाना को मिलाकर वर्तमान में कुल 67 मैन पावर हैं. जबकि 456 की जरूरत है. ऐसे में यातायात पुलिस को जांच अभियान करने में परेशानी होती है.
कैसे कराया जाएगा यातायात नियमों का पालन
जमशेदपुर जिले में ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की कमी होने से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों से जुर्माना वसूलने में पुलिस को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. जबकि जमशेदपुर के पांच यातायात थाना में पर्याप्त मैन पावर की कमी होने से ट्रैफिक ड्यूटी में भी परेशानी हो रही है. क्योंकि मैन पावर कम होने से ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को ओवर टाइम करना पड़ रहा है.
इसे भी पढ़ें – 88 हजार महिलाएं, 67 हजार पारा टीचर आंदोलन पर, 2 लाख कर्मी की सैलरी बंद, सत्ता चुप-विपक्ष खामोश
1 सितंबर से लागू हो गया है नया ट्रैफिक नियम
1 सितंबर 2019 से देशभर में यातायात नियमों के उल्लंघन संबंधी नये नियम लागू हो गये हैं. नये नियमों के लागू होने के बाद इनके उल्लंघन पर 10 गुना तक ज्यादा जुर्माना देना पड़ रहा है. गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सफर को सुरक्षित बनाने के लिए हाल ही में मोटर वाहन संशोधन अधिनियम 2019 के जरिए कई नियमों में बदलाव किया गया है.
केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मोटर व्हीकल एक्ट (संशोधन), 2019 पेश किया था. जिसे संसद की मंजूरी मिली थी. इस संशोधन प्रस्ताव को 2017 में भी पेश किया गया था,लेकिन तब पास नहीं हो पाया था. अब नये नियम 1 सितंबर से लागू हो गये हैं.
इसे भी पढ़ें – #MobLynching धनबाद में फिर हिंसक हुई भीड़ : पीट-पीट कर अर्द्ध विक्षिप्त बुजुर्ग को मार डाला




