
Ranchi: अल्ट्रासाउण्ड संस्थान Medicana Nurshing Home, खलारी रोड बीजूपाड़ा, चान्हो का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है. रांची डीसी सह जिला समुचित प्राधिकारी (PC & PNDT) राहुल कुमार सिन्हा ने इस संबंध में जरूरी आदेश जारी कर दिया है. उनके द्वारा संस्थान का निबंधन तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए संस्थान में अल्ट्रासाउण्ड कार्य बंद रखने और यूएसजी मशीन से किसी प्रकार की छेड़-छाड़ एवं स्थानान्तरण न करने का आदेश दिया गया है. ऐसा नहीं किए जाने पर PC & PNDT Act के तहत कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि इस संस्थान के ऑनर एवं चिकित्सक डॉक्टर इश्तियाक अहमद हैं. उनके संबंध में समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के अनुसार भारत सरकार के सुरक्षा तंत्रों द्वारा आतंकी गतिविधियों में शामिल बताया गया था. डॉक्टर इश्तियाक अहमद इसी संस्थान में चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे. संस्थान का निबंधन संख्या 565/2023 को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है.
यह है मामला
गौरतलब है कि आईबी के इनपुट पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा झारखंड, राजस्थान व यूपी पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार किए गए अल कायदा के इंडियन सब कांटिनेंट (एक्यूआईएस) मॉड्यूल के 11 आतंकियों से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए.
इस मॉड्यूल का प्रमुख रांची का रहने वाला रेडियोलॉजिस्ट डॉ. इश्तियाक अहमद डेढ़ साल से संगठन खड़ा करने में जुटा हुआ था. वह कुछ पाकिस्तानी हैंडलरों के सीधे संपर्क में था.
हैंडलरों के निर्देश पर ही वह भारत में अल कायदा का मजबूत संगठन खड़ा करने में जुटा हुआ था ताकि देश में पहले की तरह सीरियल ब्लास्ट करा कर बड़े पैमाने पर तबाही मचाई जा सके.



