
Rahul Guru
Ranchi : प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत झारखंड में अब तक ट्रेनिंग देने के बाद 51814 लोगों को सर्टिफिकेट दिया गया. एक उम्मीदवार के प्रशिक्षण पर औसतन 22 हजार रुपये खर्च किये जाते हैं. इस तरह इन पर 1.13 करोड़ रुपये सरकार ने खर्च किये. जबकि नौकरी मिली केवल 16482 को. इन्हें मिलने वाली नौकरी की औसत सैलेरी केवल 8500 रुपये हैं. ये आंकड़े राज्यसभा में प्रस्तुत किये गये हैं.
प्लेसमेंट के आंकड़े उलझाने वाले हैं. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की अधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक झारखंड में सर्टिफिकेट पाने वाले 23316 लोगों को नौकरी मिली. सवाल उठता है कि दोनों ही आंकड़े कौशल विकास एवं स्किल डेवलपमेंट विभाग के हैं. पर सही किसे माना जाये…?
इसे भी पढ़ेंः एक राज में दो कानून चला रहा नगर निगम, मंत्री पर मेहरबान औऱ जनता के लिए तुगलकी फरमानः संजय सेठ
शार्ट टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम से ही मिलती है नौकरी
केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत दो तरह का कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाता है. एक शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम कहलाता है जबकि दूसरा रेकोग्निशन ऑफ प्रिओर लर्निंग. इसे पूर्ण शिक्षण मान्यता के नाम से जाना जाता है. प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम में प्लेसमेंट मिलता है. राज्यसभा में इससे संबंधित प्रस्तुत आंकड़े बताते हैं कि देश में शार्ट टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत 52.46 लाख को ट्रेनिंग के बाद सर्टिफिकेट दिया गया है. वहीं पूर्ण शिक्षण मान्यता कोर्स से 52.03 लाख को सर्टिफिकेट दिया गया है. वहीं शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत 52.46 लाख सर्टिफिकेट पाए उम्मीदवारों में 10 जुलाई 2021 तक के आंकड़ों के अनुसार 23.2 लाख उम्मीदवारों को नौकरी दी गयी है.
प्लेसमेंट में ऐसा है झारखंड
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना की वेबसाइट https://pmkvyofficial.org/Dashboard.php में उपलब्ध जुलाई तक के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ट्रेनिंग के लिए रजिस्टर्ड उम्मीदवार 89292 हैं. इनमें से 51814 उम्मीदवारों को सर्टिफिकेट दे दिया गया है. वहीं प्लेसमेंट के आंकड़े बताते हैं कि जितने लोगों को सर्टिफिकेट दिया गया उनमें 45.77 प्रतिशत को नौकरी मिली है. ऐसे सर्टिफिकेट पाने वालों की संख्या 51814 है. इस आंकड़े के मुताबिक झारखंड से 23316 लोगों को नौकरी मिली. जबकि राज्यसभा में प्रस्तुत किये गये आंकड़े के मुताबिक झारखंड से केवल 16482 लोगों को नौकरी मिली. इसमें 8174 महिला और 8308 पुरुष शामिल हैं.
इसे भी पढ़ेंः फूल सिंह को बनाएं जैक उपाध्यक्ष, दें सारी सुविधाएं : झारखंड हाईकोर्ट




