
Ranchi : नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने संबद्ध विभागों को नवरात्र से पहले हर हाल मे सड़कों पर उभरे गड्ढों को भरने का निर्देश दिया. प्रोजेक्ट भवन स्थित सचिव कक्ष में शुक्रवार को रांची नगर निगम, जुडको और पथ निर्माण विभाग के साथ हुई आपात बैठक में प्रधान सचिव सुनील कुमार ने यह निर्देश दिया.
राजधानी की सड़कों की हालत पर प्रधान सचिव श्री कुमार ने पथ निर्माण, रांची नगर निगम और जुडको के अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया. उन्होंने साफ कहा कि दोषी और लापरवाह अभियंता हर हाल में दंडित होंगे. उन्होंने निर्देश दिया कि तत्काल सड़कों का निरीक्षण किया जाये. टूटे डिवाइडर को जगह पर लाकर पुनर्स्थापित किया जाये. सड़कों के किनारे उग आये झाड़ झंखाड़ की सफाई करते हुये वहां हरियाली के लिए पौधे लगाये जायें.
श्री कुमार ने जुडको को निर्देश दिया कि पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदे गये गड्ढों को ब्लैक टाप करते हुए भरा जाये. विशेष परिस्थिति में तकनीकी कारणों से ब्लैक टॉप नहीं करना है.
राष्ट्रपति, पीएम के जमशेदपुर आगमन को लेकर तैयारी करने का निर्देश
प्रधान सचिव ने जमशेदपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. कहा कि साफ सफाई और होर्डिंग्स पर विशेष ध्यान दिया जाये. रांची मे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन पर भी विशेष ध्यान देते हुये साफ सफाई पर ध्यान दिया जाये.
नेवरी – नामकुम रोड के निर्माण मे तेजी लाकर उस पर विद्युत खंभों का अधिष्ठापन कराया जाये.



