
Godda : डॉक्टर पूजा भारती के साथ दरिंदगी को लेकर गोड्डा के लोगों में आक्रोश गहराता जा रहा है. पूजा के अंतिम संस्कार के बाद शहर के युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर आक्रोश जताया. इधर, पूजा की मां का कहना है कि बेटी के साथ दरिंदगी करने वालों सजा दिलाए बगैर उन्हें चैन नहीं मिलेगा. पूजा के परिजन अपराधियों के लिए फांसी की सजा की मांग कर रहे हैं.
मालूम हो कि हजारीबाग मेडिकल कॉलेज की छात्रा पूजा भारती का शव तीन दिन पूर्व पतरातू डैम से बरामद हुआ था. शव के हाथ-पैर बंधे थे. पूजा की मां अर्चना कुमारी और पिता अवध बिहारी पूर्वे सहित अन्य स्वजन बेटी की तस्वीरें देखकर दहाड़ मारकर रोने लगते हैं. डॉक्टर पूजा भारती की मां कहती है मैं उस घटना को चाह कर भी नहीं भूल पा रही हूं आखिर कैसे भूल जाऊं जब भी बेटी का चेहरा याद आता है तो दम घुटने लगता है.

डॉक्टर पूजा भारती के परिजनों को इंसाफ दिलाने के लिए गोड्डा जिला के विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया. ये लोग पूजा के हत्यारों को फांसी देने की मांग कर रहे हैं. लोगों में राज्य सरकार के प्रति आक्रोश भी गहराता जा रहा है. कैंडल मार्च में युवाओं के साथ ही महिलाएं भी शामिल हुईं.
इधर, कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव डॉक्टर पूजा की मौत के बाद कहा घटना को सुनकर मर्माहत हूं. कहा कि पूजा के परिजनों को न्याय दिलाने के प्रति प्रयासरत हूं. पूजा के परिजनों के साथ ही राज्य के DGP व स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में हूँ. दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवायी जाएगी, जरुरत पड़ी घटना की CBI जांच भी करवायी जाएगी.




