
Jamshedpur : न्यू सिदगोड़ा सिनेमा मैदान स्थित दुर्गा एवं काली पूजा समिति के पंडाल का गुंबद और वहां रखे गमलों को जमशेदपुर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, सिदगोड़ा थाना प्रभारी और पुलिस बल ने आधी रात को हटवा दिया. इसके बाद पूजा समिति का गुस्सा भड़क गया है. समिति के अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह ने कहा है कि यह सिटी एसपी कि सरासर मनमानी है. उन्होंने कहा कि हमने कोरोना की गाइड-लाइन का पालन करते हुए मीडियम साइज का पंडाल बनाया था.
वहां बैरिकेडिंग की गई थी और माताएं बहनें मूर्ति का दर्शन 75 फीट की दूरी से कर रही थीं, लेकिन आधी रात को सिटी एसपी दल-बल के साथ पहुंचे और वहां की गई बैरिकेडिंग को हटवा दिया. गमलों को किनारे करवा दिया और सुबह 4.30 बजे पुलिस ने मंदिर के ऊपर का गुंबद भी हटा दिया. सिंह ने कहा कि यहां 1953 से पूजा-अर्चना होती आ रही है. हम शासन प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप पूजा करते आ रहे हैं. इस बार भी हमने सरकार की जो गाइड-लाइन थी उसका पूरी तरह से पालन किया था, लेकिन सिटी एसपी व्यक्तिगत द्वेष में आकर इस तरह की कार्रवाई कर रहे हैं. चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि वे सिटी एसपी की इस कार्रवाई का विरोध मुख्यमंत्री से भी जाकर करेंगे.
इसे भी पढ़ें- पूजा पंडालों में उमड़ रही है भीड़, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई मां महागौरी की पूजा




