
Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर में एक महिला बैंककर्मी ने अपने सहकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. महिला ने नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई है. महिला ने अपने आरोप में बताया कि उसके साथ काम करने वाले एक कर्मी ने नशे की दवा खिलाकर उसके साथ रेप किया और उसका अश्लिल वीडियो बना लिया. आरोपित ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे दो बार में 55 हजार रुपये भी ऐंठ लिए. नगर थानेदार ओमप्रकाश ने बताया कि एफआईआर में मिठनपुरा थाने के रामबाग निवासी गौरव कुमार को नामजद किया गया है. केस की छानबीन का जिम्मा दारोगा बबीता कुमारी को सौंपा गया है.
एफआईआर में पीड़िता ने बताया है कि वह गोला रोड स्थित एक बैंक में काम करती है. उसके साथ गौरव कुमार भी काम करता था. बैंक में ही आरोपित से दोस्ती हुई थी. नवंबर 2018 में वह मां से मिलाने की बात कहकर अपने घर पर ले गया. फिर नशे की दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. इसका वीडियो बना लिया. जब होश में आयी तो उसकी मांग में सिंदूर भरकर मंगलसूत्र पहना दिया. उसने कहा कि अब से वह उसकी पत्नी है. फिर झांसा देकर लगातार यौन शोषण किया. जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपित ने अपने पिता के साथ मिलकर गर्भपात करा दिया.
अहियापुर थाना के समीप सब्जी दुकान पर शुक्रवार को एक अधेड़ शख्स ने एसकेएमसीएच की एक महिला डॉक्टर से बदसलूकी व छेड़खानी की. विरोध पर खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी होने का दावा करने लगा. डॉक्टर ने अहियापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. इसमें अधेड़ के अलावा उसके पुत्र का नाम और मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया है. पुलिस छानबीन में जुट गई है. डॉक्टर ने आवेदन में बताया है कि घटना के वक्त वह ड्यूटी से घर लौट रही थीं. इस दौरान थाने के समीप सब्जी दुकान पर उसके साथ अधेड़ ने बदसलूकी व छेड़खानी की. वहीं, थानेदार विजय कुमार सिंह ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है.




