
Palamu : जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र के बगैया गांव में मंगलवार की रात एक किराना दुकानदार को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी. गोली दुकानदार के दांत के पास फंसी हुई है. मेदिनीनगर के एमआर एमसीएच में प्राथमिक उपचार के बाद किराना दुकानदार को रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है. हमलावरों की संख्या दो बतायी गयी है. वे बाइक सवार थे.
जानकारी के अनुसार बगैया गांव के गया चंद्रवंशी के पुत्र सत्येंद्र चंद्रवंशी (35वर्ष) को बाइक से आए अपराधियों ने गोली मार कर घायल कर दिया. घटना मंगलवार रात 8 बजे की बताई गई है. बताया गया कि सत्येंद्र अपनी गुमटीनुमा किराना दुकान में बैठा था. इसी दौरान बाइक से आये अपराधियों ने उस पर गोली चला दी.
गोली सत्येंद्र के चेहरे के बांयी तरफ जबड़े पास लगी. ग्रामीणों ने उसे आनन फानन में अनुमंडलीय अस्पताल छत्तरपुर लाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया है. यहां कई तरह की जांच और इलाज के बाद डाक्टरों ने रांची रिम्स ले जाने की सलाह दी है.
परिजनों का कहना है को दो युवक पान मसाला लेने आये थे. इसी क्रम में सत्येन्द्र और उनके बीच बहस हुई. इसी बीच अचानक एक युवक ने सत्येन्द्र पर गोली चला दी. गोली मारने के बाद अपराधी बाइक से निकल गए. परिजनों ने पुलिस को गोली मारने वाले युवकों के नाम बताए हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी में जुटी है.
इसे भी पढ़ें : जमीन विवाद मारपीट मामले में बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो और उनकी पत्नी के खिलाफ FIR




