
Ranchi: मांडर इलाके में गोलीबारी करनेवाले आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया है. सोमवार को आठ बजे माण्डर थाना को सूचना प्राप्त हुई कि अज्ञात अपराधी के द्वारा नबी हुसैन अंसारी को टांगरबसली स्टेशन के पास गोली मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया है. सूचना प्राप्त होते ही माण्डर थाना पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंची तो देखा कि नबी हुसैन अंसारी के पेट में गोली लगी है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से ईलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. गठित टीम के द्वारा जख्मी के परिजनों से आवश्यक पूछ-ताछ के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए कांड में शामिल अभियुक्त नौशाद अंसारी के छिपने के कई संभावित स्थानों पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अपराधी नौशाद अंसारी माण्डर थानान्तर्गत नारो स्थित एन०एच-75 पर बने पुल के नीचे छुपा हुआ है. जानकारी मिलने के बाद छापेमारी दल के द्वारा उक्त स्थल की घेराबंदी कर कांड में शामिल अभियुक्त नौशाद अंसारी को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद अंसारी की तलाशी लेने पर घटना में प्रयुक्त मैगजीन युक्त पिस्तौल, गोली सहित एक 315 बोर का देसी पिस्तौल भी बरामद हुआ. अभियुक्त नौशाद अंसारी से घटना के संबंध में पूछ-ताछ करने पर बताया गया कि 31 दिसंबर 2023 को नबी हुसैन अंसारी एवं अन्य के द्वारा उसके भाई की लाठी-डंडा से मारपीट कर हत्या कर दी गयी थी तथा उनके खिलाफ भी अभियुक्तगण के द्वारा हत्या की साजिश रची जा रही थी. इसी केस का 20 जुलाई 2025 को गवाही था. न्यायालय के कार्य उपरांत लौटने के क्रम में अपने भाई की हत्या का बदला लेने के उद्देश्य से उसने इस घटना को अंजाम दिया.



