
KHUNTI: खूंटी जिले की पुलिस अफीम की खेती के खिलाफ जोरदार अभियान चला रही है. पुलिस ने दो दिनों के अंदर कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती में संलिप्त कुल 11 लोगों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया. पुलिस ऑफिस के सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में एसपी अमन कुमार ने बताया कि अभियान के क्रम में 11 दिसंबर 2024 से अब तक 38 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि कुल 3288.74 एकड़ में लगे अवैध अफीम को विनष्ट किया जा चुका है.
इनकी हुई गिरफ्तारी
एसपी ने तीन और चार फरवरी को की गई कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किए गए आरोपियों की जानकारी देते हुए बताया कि खूंटी सदर थाना क्षेत्र से पांडेया मुंडा (पोसेया), जीत उरांव (पोटोमगड़ा) और देवेंद्र पातर (बासाहातु), मुरहू थाना क्षेत्र से सुरेंद्र नायक (मारंगटोली) और जकरियस बोदरा (तुम्बाकेल), अड़की थाना क्षेत्र से बगराय मुंडा और सिरित तिडू (दोनों कुरूंगा) तथा मारंगहादा थाना क्षेत्र से जोटो मुंडा (जोजोहातू), बोड़ा मुंडा (सालेहातू), दसाय मुंडा और चमर सिंह टुटी (दोनो सरजमा) को गिरफ्तार किया गया है. वहीं एक दिन पूर्व भी तीन लोगों को अफीम के मामले में जेल भेजा जा चुका है.
प्रतिदिन 100 एकड़ से ज्यादा नष्ट की जा रही है अफीम की खेती
एसपी ने कहा कि अब तक की कार्रवाई में 60 से ऐसे गांव है, जहां ग्रामसभाओं ने स्वयं अफीम की खेती नष्ट की है. ग्रामीणों के द्वारा स्वंय लगभग 500 एकड़ में लगे अफीम की फसलों को नष्ट किया गया है. पहली बार है जब इतनी बड़ी कार्रवाई चल रही है. इस अभियान में एसडीपीओ, पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर व थानेदार शामिल हैं.
एसपी ने बताया कि अधिकांश गिरफ्तारी पुरूषों की हो रही है. इसमें ग्रामप्रधान की भी गिरफ्तारी हुई है. हेडक्वार्टर द्वारा ट्रैक्टर के साथ अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध कराए गए हैं. इस कारण प्रतिदिन 100 एकड़ से ज्यादा अफीम की फसलों को नष्ट किया जा रहा है.
अगले 15 दिनों में अभियान और तेज होगा
अगले पंद्रह दिनों में अभियान और तेज होगा. वर्तमान में प्रतिदिन 20 ट्रैक्टरों के माध्यम से अफीम की फसलों को विनष्ट किया जा रहा है. इसे और बढ़ाया जाएगा. अफीम विनष्टीकरण में प्रतिदिन 200 फोर्स लगाए गए हैं. अभी जिले को 400 से ज्यादा जवान हेडक्वाटर से मिले हैं, जिससे अभियान में तेजी आएगी.
ड्रॉन से की जाएगी मैपिंग
ड्रोन से मैपिंग की जाएगी, जिससे चार-पांच किमी दूर तक पहाड़ों उस पार भी अफीम की खेती हुई हो तो नजर आ जाएगा, जिसके बाद फोर्स उसे विनष्ट करने का काम करेंगे. जमीन मालिकों का सत्यापन किये जा रहे हैं. जमीन के जीआर के आधार पर सीओ से खाता, प्लॉट निकालकर रैयतों के खिलाफ केस दर्ज हो रहे हैं. पुलिस यह जांच कर रही है कि रैयत के कौन से वंशज इस वर्ष अफीम की खेती कर रहे हैं. अनुसंधान के उपरांत गिरफ्तारी की जा रही है.




