
Bermo: कोरोना से बचाव को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन के दूसरे दिन बेरमो अनुमंडल में पुलिस-प्रशासन की सख्ती दिखी.
इलाके के फुसरो,चंद्रपुरा,बोकारो थर्मल,कथारा,जारंगडीह,गोमिया,पेटरवार,तेनुघाट आदि में पुलिस ने बेवजह बाजार निकलने तथा सड़कों पर अनावश्यक रुप से टहलने वालों के खिलाफ काफी सख्ती बरती.
पुलिस कर्मी सुबह से ही सड़कों पर मुस्तैद दिखे और झारखंड चौक पर ऊपरघाट से रोजगार की तलाश में आने वाले मजदूरों को भी वापस लौटा दिया. पुलिस ने राशन तथा सब्जी बाजार में दुकानों के आगे लगी भीड़ को डांट-फटकार लगायी, और उन्हें खरीददारी के समय एक दूसरे से दूरी बनाकर खड़े रखने की हिदायत दी. लॉकडाउन के दूसरे दिन वैसे भी आमलोग घरों से बाहर नजर नहीं आये.
इसे भी पढ़ेंः#LockDown21 : दिल्ली में फंसे झारखंड के लोग, सीएम हेमंत सोरेन की पहल पर सीएम केजरीवाल ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ
DVC हॉस्पिटल में ही ODP के मरीजों को देखा जाएगा
गुरुवार को डीवीसी के बोकारो थर्मल हॉस्पिटल में डिप्टी सीएमओ डॉ आर भट्टाचार्य ने सभी डॉक्टरों के साथ ओपीडी के मरीजों को देखे जाने को लेकर बैठक की. बैठक में डीसीएमओ ने कहा कि मुख्यालय के आदेश पर कोरोना को लेकर सुरक्षा के ख्याल से ओपीडी को गुरुवार से बंद कर दिया गया है.
लेकिन जो मरीज जांच के लिए हॉस्पिटल आयेंगे, उनकी जांच इंडोर में डयूटी डॉक्टर के द्वारा की जाएगी. साथ ही कहा कि अनावश्यक रुप से वर्तमान समय में हॉस्पिटल आने से परहेज करना चाहिए. इसके अलावा रुटीन जांच वाले मरीजों को भी परहेज करने की जरुरत है. बैठक में डॉ एएम मिश्रा, डॉ अभिषेक कुमार, डॉ नीतिश कुमार, डॉ एस हेम्ब्रम, डॉ अंजनी सहित संजीव कुमार थे.
सभी गेस्ट हाउस अधिग्रहित
बोकारो डीसी सह अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन मुकेश कुमार ने पत्रांक 700 के तहत कोरोना की रोकथाम एवं निवारण हेतु बेरमो अनुमंडल के सीसीएल कथारा, ढ़ोरी, करगली, डीवीसी बोकारो थर्मल,चंद्रपुरा,टीटीपीएस ललपनिया, आइईएल गोमिया के निदेशक भवन एवं गेस्ट हाउसों को क्वारेंटाइन सेंटर एवं रिलीफ सेंटर बनाये जाने को लेकर अगले आदेश तक के लिए अधिग्रहित किया है.
इसे भी पढ़ेंः#Corona_Effect: 5 अप्रैल से रांची में होनेवाली सेना भर्ती रैली स्थगित, बाद में होगी नयी तारीख की घोषणा
हरी सब्जियों के भाव नियंत्रित
बेरमो एसडीएम प्रेमरंजन के द्वारा प्रखंड के प्रशासनिक पदाधिकारियों मसलन सीओ,बीडीओ को सब्जी बाजार में ऊंची दर पर सब्जी बेचनेवालों के खिलाफ कार्रवाई संबंधी निर्देश के बाद गुरुवार को बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल सहित अन्य सभी स्थानों में हरी सब्जियों के भाव काफी नियंत्रित थे.
पेटरवार,चांपी,खेतको,गोला आदि से भी सब्जियों के आने के कारण भाव नियंत्रित रहे. जबकि आलू एवं प्याज के वाहनों के आने के बाद भी उनके दामों में कमी देखने को नहीं मिली. गुरुवार को भी बाजार में आलू एवं प्याज की कीमत 30 से 40 रुपये तक ही रही.
स्टॉक होने के बाद भी बंद है राशन दुकान
बेरमो में कुछ राशन के खुदरा एवं थोक दुकानदारों की दुकान में पर्याप्त राशन सामग्री रहने के बाद भी दुकानों को बंद कर रखा गया है, ताकि उसकी कालाबाजारी की जा सके.
स्थानीय लोगों ने बेरमो एसडीएम से ऐसे दुकानदारों के गोदामों पर छापामारी करने की मांग करते हुए कार्रवाई करने की मांग की है.
एसडीएम ने कहा समय का हो पालन-बेरमो एसडीएम प्रेमरंजन ने गुरुवार को कहा कि लॉकडाउन को लेकर बाजार में आवश्यकता वाले दुकानों के खोले जाने का जो समय निधार्रित किया गया है, उसका समुचित ढंग से पालन नहीं करनेवालों पर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही कहा कि राशन एवं सब्जी के दुकानों को दोपहर चार बजे के बाद बंद कर देना है,जबकि मेडिकल,खटाल से दूध की आपूर्ति करनेवालों को इस समय सीमा से बाहर रखा गया है.
न्यूज विंग की अपील
देश में कोरोना वायरस का संकट गहराता जा रहा है. ऐसे में जरूरी है कि तमाम नागरिक संयम से काम लें. इस महामारी को हराने के लिए जरूरी है कि सभी नागरिक उन निर्देशों का अवश्य पालन करें जो सरकार और प्रशासन के द्वारा दिये जा रहे हैं. इसमें सबसे अहम है खुद को सुरक्षित रखना है. न्यूज विंग की आपसे अपील है कि आप घर पर रहें. इससे आप तो सुरक्षित रहेंगे ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे.
इसे भी पढ़ेंः#Lockdown: दूध की डिमांड में आयी कमी, उत्पादकों से 29 मार्च तक नहीं खरीदेगा झारखण्ड मिल्क फेडरेशन




