
Patna : आज पटना के गांधी मैदान में पीएम मोदी की अगुवाई में एनडीए की रैली होने वाली है. रैली में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी हिस्सा लेंगे. सभी एनडीए के नेता आज पटना में मौजूद है. लेकिन दुर्भाग्य है कि आज जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में एन्काउंटर में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान पिंटू कुमार सिंह का पार्थिव शरीर पटना एयरपोर्ट लाया गया, जहां उनको श्रद्धांजलि देने के लिए डीएम-एसएसपी और एक कांग्रेस के नेता के अलावा कोई नहीं पहुंचा, जबकि पटना में इस समय एनडीए के सभी बड़े नेता मौजूद हैं. बता दें कि शहीद पिंटू सिंह बेगुसराय के रहने वाले थे और वहीं पर उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा. जान लें कि भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के लंगेट इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में चार सुरक्षाकर्मी शहीद हो गये थे.जिसमें सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर पिंटू सिंह, एक जवान और जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो पुलिसकर्मीस शहीद हो गये.
सूत्रों के अनुसार एक आतंकी ने, जिसे मरा हुआ मान लिया गया था, एक क्षतिग्रस्त मकान से निकलकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस बीच पाकिस्तान ने शुक्रवार को राजौरी और पुंछ जिलों में एलओसी पर चार सेक्टरों में गोलाबारी कर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. इसमें एक महिला घायल हो गयी. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पुंछ में असैन्य इलाकों को निशाना बनाने के लिए हॉवित्जर 105 एमएम तोप समेत बड़े हथियारों का इस्तेमाल किया.
इसे भी पढ़ें : सुशील की विपक्ष को दो टूकः पाकिस्तान से नरमी बरतनेवालों के सलाह की जरूरत नहीं
60 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन
एक अधिकारी के अनुसार पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की और मोर्टार दागे जो दिन में करीब डेढ़ बजे तक चला. पुंछ के मनकोट इलाके में गोलीबारी में नसीम अख्तर नामक महिला घायल हो गयीं. रक्षा जनसंपर्क अधिकारी ने बताया, शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे पाकिस्तान ने नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार से गोले दागने शुरू कर दिये. गुरवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा के पास छह सेक्टरों में असैन्य इलाकों और अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर की गयी.
पाकिस्तानी सेना की गोलाबारी में एक महिला मारी गयी और एक जवान घायल हो गया. भारतीय सेना ने पाकिस्तान के इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया. अधिकारियेां के अनुसार पाकिस्तानी सेना ने पिछले एक सप्ताह में 60 से ज्यादा बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है.




