
Jamshedpur: जाम के झाम से परेशान जमशेदपुर के गोविंदपुर रेल फाटक के समक्ष स्थानीय लोगों एवं समाजसेवियों की ओर से हस्ताक्षर अभियान चलाया गया. हस्ताक्षरित पत्र को केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं रेल मंत्रालय को सौंपा जायेगा और वैकल्पिक रास्ते के मांग की जायेगी.
गौरतलब हो कि गोविंदपुर क्षेत्र को जमशेदपुर मुख्य शहर से जोड़नेवाली मुख्य सड़क पर रेल फाटक है. यहां होकर रोजाना लगभग 100 यात्री ट्रेनें एवं मालगाड़ियां पार होती हैं. इस वजह से यहां 24 घंटे में 17 से 18 घंटे फाटक बंद रहता है. समस्या ऐसी हो गई है कि यहां की बड़ी आबादी इस रेल फाटक के बंद रहने से परेशान हो चुकी है. समाजसेवियों के अनुसार रेल फाटक बंद रहने का सबसे ज्यादा खामियाजा यहां से पार होने वाले मरीज एवं एम्बुलेंस को झेलना पड़ता है. ऐसे में कोई और विकल्प नहीं होने से लोग अब तंग आ चुके हैं. हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से मांग पत्र केंद्र,राज्य सरकार एवं रेल मंत्रालय को सौंपा जायेगा ताकि एक वैकल्पिक व्यवस्था आवागमन के लिए यहां हो सके.
ये भी पढ़ें- जमशेदपुर : मानगो के लोगों को जल्द मिलेगी वाकिंग ट्रैक की सुविधा, तीन मार्च तक पूरा हो जायेगा पहला चरण




