
Ranchi: धनबाद में बिजली कटौती को लेकर दो गांव आमने सामने आ गये. विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस को भी निशाना बनाया. जानकारी के अनुसार मधुबन थाना क्षेत्र के खरखही गांव के लोगों ने बिजली कनेक्शन काट दिया था. इससे पड़ोस के गांव बरैरा में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी.
इसी बात को लेकर दोनो गांव के लोग शनिवार को आमने-सामने हो गये. मौके पर पहुंची मधुबन थाना पुलिस समझाने बुझाने का प्रयास किया तो आक्रोशित लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने मधुबन थाना परिसर में जमकर उत्पात मचाया है. थाना के नजदीक कई राउंड फायरिंग भी की गई है.
मधुबन थाना प्रभारी ने बताया कि बिजली विवाद को लेकर दो गांव के बीच विवाद चल रहा था. मौके पर पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित लोगों का सामना करना पड़ा. थाना के नजदीक फायरिंग की बात कही जा रही है. हालांकि मौके पर से खोखा नहीं मिला है. फिलहाल मामला शांत है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




